विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्या सुमंगला योजना में बिजनौर अव्वल, बेटियों को मिला 12 करोड़ का सहारा

Published: Sat, 29 Aug 2026 04:46 PM (IST)

बिजनौर जिले में कन्या सुमंगला योजना के तहत लगभग 50 हजार बेटियों को 12 करोड़ रुपये का लाभ मिला है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बिजनौर में कन्या सुमंगला योजना के 50 हजार लाभार्थी।

  2. बेटियों की शिक्षा पर सरकार ने दिए 12 करोड़ रुपये।

  3. जुलाई माह में बिजनौर प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। कन्या सुमंगला योजना में जिले में लाभार्थियों का आंकड़ा 50 हजार होने के करीब पहुंच गया है। जिले में बेटियों की शिक्षा पर सरकार द्वारा लगभग 12 करोड़ रुपये की राशि सीधे खातों में भेजी जा चुकी है।

योजना में छह चरणों में लाभ दिया जाता है। सरकार द्वारा बेटी के जन्म से लेकर पहले साल में टीकाकरण से लेकर उसके स्नातक कोर्स में प्रवेश तक लेकर सरकार की ओर से आर्थिक सहयोग मिलता है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देश से पहले जिले के लोग अपना चुके थे।

जिला मुख्यालय के पास के ही गांव स्वाहेड़ी के लोग आर्य समाज से जुड़े हैं। इनके घरों में हर त्योहार पर यज्ञ कर उसमें आहुति दी जाती हैं।

साथ ही बेटियों को संरक्षित करने उन्हें पढ़ाने का संदेश दिया जाता रहा है। यज्ञ में बेटियों को ही यजमान बनाया जाता है। बाद में इस अभियान से बाकी लोग भी जुड़े।

गांव स्वाहेड़ी में हर वर्ष होने वाले साप्ताहिक यज्ञ में भी गांव वाले बेटी बचाने बेटी पढ़ाने की शपथ लेते हैं। अब सरकार भी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे के साथ अभियान चला रही है। बेटियों के जन्म, सुरक्षित स्वास्थ्य और पढ़ाई के लिए उत्तर प्रदेश द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना संचालित की जा रही है।

इसमें तीन लाख तक की आय वाले परिवार की दो बेटियों तक को योजना में पात्र माना गया है। योजना में जिले में लगभग 50 हजार बेटियों के पंजीकरण हो चुके हैं। इन बेटियों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लगभग 12 करोड़ रुपये राशि दी जा चुकी है। योजना में जिले ने जुलाई माह में प्रदेश में प्रथम रैंक प्राप्त की है।

ऐसे मिलता है लाभ

योजना के अंतर्गत बेटी का जन्म होने पर पांच हजार, एक साल के सभी टीके लगने पर दो हजार, पहली कक्षा में प्रवेश पर तीन हजार, छठी कक्षा में प्रवेश पर तीन हजार, नौवी कक्षा में प्रवेश पर पांच हजार और स्नातक या डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश पर सात हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान है। यानी छह चरणों में 25 हजार रुपये मिलते हैं।

ब्लाक पात्र राशि
अफजलगढ़ 2399 5727000
अल्हेपुर 3805 9695000
स्योहारा 3175 7770000
हल्दौर 3295 8556000
जलीलपुर 1904 4768000
किरतपुर 2632 6158000
कोतवाली 5474 14273000
देवमल 4549 12393000
नजीबाबाद 3333 8092000
नहटौर 4162 10027000
नूरपुर 4663 12103000
योग 39391 99562000

नोट: ये आंकड़े केवल ब्लाक स्तर के हैं। नगर पालिका तथा नगर पंचायत के पात्र व राशि अलग हैं।

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना में जिले में शानदार काम हुआ है। योजना में जल्दी ही 50 हजार पात्र बेटियां शामिल हो जाएंगी। जिला योजना के क्रियांवयन में जुलाई माह में प्रदेश में पहले नंबर पर रहा है।

-विमल कुमार चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी