बिजनौर में पेराई शुरू करने की तैयारी में शुगर मिलें, 15 सितंबर से होगा सट्टा प्रदर्शन
Bijnor News: बिजनौर में चीनी मिलें 15 अक्टूबर से पेराई शुरू करने की तैयारी में हैं, जिसके लिए गन्ना विभाग ...और पढ़ें

शुगर मिल का प्रतीकात्मक फोटो।
HighLights
मिलें 15 अक्टूबर से पेराई शुरू करने की कर रही तैयारी।
15 सितंबर से 10 दिन लिए होगा गन्ना सट्टा प्रदर्शन।
किसान सट्टे में संशोधन करा सकेंगे, तैयारी पूरी।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। चीनी मिलों में पेराई जल्दी शुरू कराने के लिए गन्ना विभाग भी तेजी से काम कर रहा है। 15 अक्टूबर से मिलों में पेराई शुरू कराने की योजना है।
इससे पहले किसानों को अंतिम बार सट्टा प्रदर्शन किया जाएगा। 15 सितंबर से दस दिन के लिए समितियों में गन्ना सट्टा प्रदर्शन होगा। किसान वहां अपने सट्टे से जुड़े संशोधन करा सकते हैं। मिल चलने से एक सप्ताह पूर्व किसानों का गन्ना आपूर्ति कैलेंडर जारी कर दिया जाएगा।
अगस्त में चीनी के दाम बढ़ने के बाद केंद्र और प्रदेश सरकार को दखल देना पड़ा। चीनी की बिक्री और खरीदारी के नियमों को सख्त किया गया। साथ ही मिलों को चीनी बिक्री के लिए एक माह के लिए मिलने वाले कोटे को भी घटाकर 15 दिन कर दिया गया।
किसानों को गन्ना सट्टा प्रदर्शन गांव गांव जाकर कर दिया गया है। किसानों ने जो गलतियां बताईं उसका संशोधन किया गया। जल्दी ही गन्ना आपूर्ति का कच्चा कैलेंडर जारी होने वाला है। पेराई शुरू करने से पहले अंतिम बार सट्टा प्रदर्शन गन्ना समितियों में किया जाता है।
इस बार सट्टा प्रदर्शन 15 सितंबर को होने जा रहा है। पिछले वर्षाें की तुलना में इस बार सट्टा प्रदर्शन थोड़ा पहले हो रहा है। शासन की मिलों में 15 अक्टूबर या इसके आसपास गन्ना पेराई शुरू कराने की योजना है। पेराई शुरू करने से पहले किसानों के कुल गन्ने व पैड़ी-पौधे के रकबे, उनके बेसिक कोटे, मोबाइल नंबर, बैंक खाता नंबर आदि का प्रदर्शन किया जाता है।
अगर सट्टे में कोई समस्या होती है तो किसान उसे ठीक करा सकता है। इसके बाद किसानों का पक्का गन्ना आपूर्ति कैलेंडर जारी कर दिया जाता है।
| मिल | पैड़ी | पौधा | कुल रकबा |
|---|---|---|---|
| बिजनौर | 5,542 | 5,964 | 11,506 |
| बिलाई | 12,485 | 12,215 | 24,700 |
| चांदपुर | 7,266 | 7,805 | 15,701 |
| चांगीपुर | 6,711 | 7,992 | 14,703 |
| बरकातपुर | 16,149 | 15,726 | 31,875 |
| धामपुर | 22,519 | 23,676 | 46,195 |
| नजीबाबाद | 7,968 | 6,781 | 14,749 |
| स्योहारा | 14,055 | 16,365 | 30,419 |
| बहादरपुर | 16,106 | 14,842 | 30,948 |
| बुंदकी | 16,123 | 15,298 | 31,421 |
| योग | 1,27,701 | 1,29,368 | 2,57,069 |
नोट: रकबा हेक्टेयर में है।
इन्होंने कहा
15 सितंबर से सभी समितियों में गन्ना सट्टा प्रदर्शन आयोजित होने जा रहा है। किसान अपने सट्टे से जुड़ा कोई संशोधन हो तो करा सकते हैं। किसान अपने गन्ना सट्टे को एक बार देख जरूर लें।
-ब्रजेश कुमार पटेल, जिला गन्ना अधिकारी
