विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 दिन में 3.26 लाख क्विंटल चीनी बेचेंगी बिजनौर की मिलें, कोटा बढ़ने से रेट स्थिर रखने में मदद मिलने की आस

By Ajeet Chaudhary Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 16 Sep 2026 05:30 PM (IST)

Bijnor News: शासन ने सितंबर के दूसरे पखवाड़े के लिए चीनी मिलों का कोटा जारी कर दिया है, जिसमें बिजनौर की मिलें 3.26 लाख क्विंटल चीनी बेचेंगी।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. सितंबर के दूसरे पखवाड़े का चीनी कोटा हुआ जारी।

  2. मिलों के चीनी के स्टाक की शासन स्तर से निगरानी

जागरण संवाददाता, बिजनौर। शासन ने सितंबर माह के दूसरे पखवाड़े का चीनी कोटा भी जारी कर दिया है। चीनी मिल 15 दिन में 3.26 लाख क्विंटल चीनी बेचेंगी। पहले पखवाड़े में मिलों को 2.99 लाख क्विंटल का कोटा मिला था। चीनी मिल नए कोटे के हिसाब से अब अपने खरीदारों के साथ सौदा तय करेंगी। मिलों के चीनी के स्टाक की शासन स्तर से निगरानी की जा रही है।

अगस्त में चीनी के दाम बढ़ने पर केंद्र और प्रदेश सरकार ने मिलों द्वारा चीनी की बिक्री और खरीदारों के स्टाक को लेकर कड़े नियम लगा दिए थे। सरकार द्वारा मिलों को पहले से ही चीनी बेचने के लिए कोटा दिया जाता है। लेकिन सितंबर से कोटे की अवधि एक माह से घटाकर 15 दिन कर दी गई थी। मिल कोटे से अधिक चीनी नहीं बेच सकतीं हैं।

साथ ही उन्हें बिके हुए माल को 15 दिन के अंदर उठावाने को भी कहा गया था। सरकार की इस सख्ती से बाजार में चीनी की आवक बनी रही और दाम छह हजार रुपये से पौने पांच हजार रुपये प्रति क्विंटल तक आ गए। सितंबर के पहले पखवाड़े में केंद्र सरकार ने जिले की मिलों को बिक्री के लिए 2.99 लाख क्विंटल चीनी का कोटा दिया था।

दूसरे पखवाड़े में इसे बढ़ाकर 3.26 लाख क्विंटल कर दिया गया है। नया कोटा 30 सितंबर तक वैध रहेगा। मिल इस कोटे की चीनी का सौदा 30 सितंबर तक कर सकती हैं। चीनी उठान के लिए मिलों और खरीदारों को अलग से समय दिया जाता है। इसके बाद अक्टूबर में मिलों को फिर से दो बार चीनी बिक्री का कोटा आवंटित किया जाएगा।
बिजनौर जिले की चीनी मिलों को मिला बिक्री कोटा

चीनी मिल कोटा (क्विंटल)
बिजनौर 3,690
चांदपुर 630
धामपुर 75,230
स्योहारा 79,050
नजीबाबाद 46,990
बिलाई 20,440
चांगीपुर 38,190
बरकातपुर 14,510
बहादरपुर 29,020
बुंदकी 18,430
योग (कुल) 3,26,180
नोट: कोटा क्विंटल में है।

इन्होंने कहा 
चीनी मिलों को बिक्री का कोटा शासन से प्राप्त हो गया है। मिलों से कोटे के अनुसार ही नियमों का पालन करते हुए चीनी बिक्री करने को कहा गया है। मिलों में चीनी स्टाक की जांच भी लगातार की जा रही है।
-ब्रजेश कुमार पटेल, जिला गन्ना अधिकारी