बिजनौर में दारोगा के पिता की गोली मारकर हत्या, ट्रैक्टर पर पड़ा हुआ मिला शव
बिजनौर के केलनपुर में एसएसबी दारोगा के पिता विजय पाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
केलनपुर में बुधवार रात हुई घटना, खेत की जुताई करने गए थे
बेटे की तहरीर पर अज्ञात पर मुकदमा दर्ज, मारी गईं दो गोलियां
संवाद सहयोगी, जागरण. चांदपुर (बिजनौर) : खेत की जुताई करने गए सशस्त्र सुरक्षा बल (एसएसबी) में दारोगा के पिता की सीने व पेट में गोली मारकर हत्या कर दी गई। आधी रात किसान का शव रास्ते में ट्रैक्टर पर मिला। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव केलनपुर निवासी 53 वर्षीय विजय पाल सिंह किसान थे। उनके बेटे मोहित तोमर एसएसबी में दारोगा के पद पर हैं और उनकी तैनाती लखनऊ में है। बुधवार शाम विजयपाल ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने गए थे। उनके खेत गांव से दो किलोमीटर दूर हैं। देर रात तक जब वह नहीं लौटे तो स्वजन ने ग्रामीणों को बताया। सभी मिलकर उन्हें तलाशते हुए खेत पर पहुंचे। देर रात करीब एक बजे गांव से एक किमी दूर विजयपाल का गोली लगा और खून से लथपथ शव खेत के पास रास्ते पर ट्रैक्टर की सीट पर मिला।
सीओ देश दीपक सिंह व कोतवाल सुधीर पंवार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। विजयपाल के सीने और पेट में बाईं ओर गोली मारी गई थी। मृतक के छोटे बेटे की मार्च में सड़क हादसे में मौत हो थी। एक साल में दो मौत से परिवार में मातम पसरा है। सीओ ने बताया कि मामले में मृतक के बेटे मोहित की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ ने बताया कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है।
सर्विलांस काल डिटेल के आधार पर जांच कर रही है, वहीं पुलिस की पांच टीमें भी हत्यारों का पता लगाने के लिए लगाई गई हैं। स्वजन से भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अभी स्वजन ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है।
