वर्दी पहने सपा नेता का फोटो वायरल, बिजनौर पुलिस ने शुरू की जांच
पूर्व सपा जिला सचिव शेख रईस की पुलिस वर्दी में फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश ...और पढ़ें
-1787510135484_m.webp)
सपा के पूर्व जिला सचिव का वर्दी पहना फोटो।
HighLights
पूर्व सपा जिला सचिव की वर्दी में फोटो वायरल।
मध्य प्रदेश से शिकायत, बिजनौर पुलिस जांच में जुटी।
शेख रईस ने फोटो को एआई-जनरेटेड बताया।
संवाद सहयोगी, चांदपुर। वर्दी पहने सपा के पूर्व जिला सचिव की फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने का मामला प्रकाश में आया है। इस फोटो को लेकर मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से आनलाइन पुलिस से शिकायत की गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उधर, पुलिस द्वारा सपा नेता को थाने बुलाकर पूछताछ भी की जा रही है।
नगर निवासी शेख रईस सपा के पूर्व जिला सचिव हैं। उनकी पत्नी कैफुलवरा भी नगर के वार्ड 15 से सभासद हैं। रविवार की उनकी फेसबुक आईडी से फोटो वायरल हुआ। जिसमें शेख रईस पुलिस की वर्दी पहने नजर आ रहे हैं। यही नहीं वर्दी पर दो स्टार भी लगे हैं।
उनकी आईडी पर दूर दराज के लोग भी जुड़े हैं। लेकिन, शेख रईस का फोटो वर्दी में देख मध्य प्रदेश राज्य के मुरैना जिला निवासी प्रदीपत्या नाथ तोमर ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया की। प्रदीपत्या नाथ भगवा आतंक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
प्रदीप नाथ ने यूपी पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसके खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें कहा कि रईस ने फेसबुक पर एआई तकनीक के माध्यम से पुलिस की वर्दी पहने हुए अपना फोटो अपलोड किया है। यह फोटो पुलिस की वर्दी एवं पुलिस विभाग की छवि का अनुचित रूप से प्रयोग किया गया है।
इंटरनेट मीडिया पर फोटो प्रदर्शित करना पुलिस विभाग की गरिमा एवं छवि को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच की मांग की है। कोतवाली प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र व फोटो के आधार पर जांच की जा रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि यह फोटो स्वयं रईस ने प्रसारित की या फिर अन्य किसी ने। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, शेख रईस का कहना है कि वर्दी पहना उनका फोटो एआई से बनाया गया है। लेकिन, किसने यह फोटो अपलोड किया, यह उन्हें नहीं पता है। उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए उन्हें बुलाया भी था।
