बिजनौर: गोवध के आराेपित ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल
बिजनौर में गोवंशीय पशु अवशेष मामले में वांछित आरोपी मुजम्मिल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
गोवध के वांछित आरोपित मुजम्मिल को पकड़ा गया।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी।
तमंचा, बाइक और पशुवध के उपकरण बरामद किए गए।
संवाद सहयोगी, नजीबाबाद (बिजनौर)। ग्राम मौज्जमपुर तुलसी स्थित बाग में गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने के मामले में वांछित चल रहे फरार आरोपित को रविवार की देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपित को उपचार के लिए जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपित के कब्जे से तमंचा, कारतूस, बाइक और पशुवध में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। वहीं, उसके साथ मौजूद अन्य आरोपित अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
31 अगस्त को ग्राम मौज्जमपुर तुलसी स्थित बाग में गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने के बाद थाना कोतवाली नजीबाबाद में अज्ञात के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के राजफाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। विवेचना के दौरान इदरीश निवासी कोतवाली देहात, शहनवाज निवासी जाब्तागंज नजीबाबाद और मुजम्मिल निवासी मोहल्ला कस्साबान मंडावर समेत अन्य आरोपितों के नाम प्रकाश में आए।
मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार के अनुसार रविवार की रात को चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ आरोपित दोबारा घटना को अंजाम देने की फिराक में बाइक से ग्राम कल्हेड़ी स्थित मालन नदी के पास से हाईवे की ओर आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। टीम को देखकर आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुजम्मिल पुत्र शराफत निवासी मुहल्ला कस्साबान कस्बा व थाना मंडावर के बाएं पैर में गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जिला मेडिकल अस्पताल भेजा गया। अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर उसके साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
तमंचा, बाइक और पशुवध के उपकरण बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की बाइक तथा प्लास्टिक के कट्टे से एक रस्सा, एक छुरी और एक चापड़ बरामद किया गया। इस मामले में अग्रिम आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दो आरोपित पहले जा चुके जेल
पुलिस के मुताबिक इसी मुकदमे से संबंधित इदरीश पुत्र रईस अहमद निवासी कोतवाली देहात और शहनवाज पुत्र शमशाद निवासी मुहल्ला जाब्तागंज, नजीबाबाद को पांच सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
लंबा है मुजम्मिल का आपराधिक इतिहास
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नजीबाबाद अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार मुजम्मिल के खिलाफ मंडावर थाने में वर्ष 2012 से लेकर 2025 तक विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट, पाक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम तथा मुठभेड़ के संबंध में दर्ज मुकदमा भी शामिल हो गया है।
