बिहार जा रही 50 लाख रुपये कीमत की अवैध पंजाब मार्का शराब जब्त, हाईटेक गैंग का बिजनौर पुलिस ने किया भंडाफोड़
बिजनौर में पुलिस ने 50 लाख रुपये मूल्य की 650 पेटी अवैध पंजाब मार्का शराब जब्त की और एक चालक ...और पढ़ें

अवैध शराब के साथ पकड़ा गया आरोपित। सौ. पुलिस
HighLights
फरार शराब माफिया वर्चुअल नंबर से करता है ट्रक चालकों से बात।
कुछ दूरी के बाद बदल देता है ट्रक का चालक, चंडीगढ़ से आ रही थी शराब।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। कोतवाली देहात पुलिस और स्वाट टीम ने 50 लाख रुपये कीमत की पंजाब मार्का 650 पेटी शराब पकड़ी है। शराब एक ट्रक पर लदी थी और इसे बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मेवात निवासी चालक को गिरफ्तार किया है।
शराब माफिया राहुल निवासी हरियाणा वर्चुअल नंबर से चालक के संपर्क में रहता था। चालक का टारगेट एक स्थान से दूसरे जगह ले जाने का रहता था। इसके बाद चालक ट्रक में चाबी लगाकर चला जाता था। फिर दूसरा चालक टास्क पूरा करता था। राहुल के पास चालकों का पूरा गैंग हैं। पुलिस माफिया की तलाश कर रही है। गिरफ्तार चालक को जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बिजनौर नगीना मार्ग पर गांव शादीपुर के पास स्वाट टीम प्रभारी सचिन मलिक व कोतवाली देहात एसओ सुनील कुमार ने एक ट्रक को पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने ट्रक में पुट्टी होने की बात कहते हुए उसका बिल दिखाया। पुलिस के तलाशी लेने पर ट्रक में पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब की 650 पेटी बरामद हुई हैं।
पुलिस ने हरियाणा के जिला नूह मेवात के गांव भाज्लाका निवासी आरोपित चालक मोहम्मद आजीब को गिरफ्तार किया है। शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये से अधिक हैं। आरोपित चालक ने पुलिस को बताया कि हरियाणा का रहने वाला राहुल नाम का युवक शराब तस्करी का मास्टरमाइंड हैं। उसी के कहने पर चंडीगढ़ की एक शराब फैक्ट्री से शराब का लदा ट्रक लेकर हापुड़ जा रहा था।
उसे हापुड़ के पास शराब से भरा ट्रक छोड़ना था। ट्रक उसे चंडीगढ़ के एक पेट्रोल पंप पर खड़ा मिला था। राहुल चालक को सिर्फ वर्चुअल नंबर (वीपीएन) से संदेश दे रहा था। ट्रक हापुड़ तक पहुंचाने का परिवहन खर्च उसे 30 हजार रुपये मिलने थे। अपने खर्च के लिए प्रतिदिन 500 रुपये मिल रहे थे। इसके अलावा अतिरिक्त खर्च के लिए 20 हजार रुपये दिए गए थे। आरोपित चालक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है। पुलिस शराब माफिया राहुल की तलाश का रही है।
