मुआवजे के लिए रची मां की हत्या की साजिश, गुलदार का बताया हमला; छोटा बेटा निकला कातिल
Bijnor News: बिजनौर में छोटे बेटे मनीराम ने वन विभाग से मुआवजा पाने के लिए अपनी 65 वर्षीय मां वीरवती ...और पढ़ें

वीरवती का फाइल फोटो
HighLights
वन विभाग से मुआवजा पाने के लिए रची थी साजिश।
पुलिस ने आरोपित बेटे मनीराम को गिरफ्तार कर लिया।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। वीरवती की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज राजफाश किया है। छोटे बेटे मनीराम ने वन विभाग से मुआवजा हासिल करने के लिए मां की हत्या कर शव फेंक दिया था। इसके बाद गुलदार (Leopard) के हमले से मौत की अफवाह फैला दी थी। शव को रखकर मुआवजे की मांग को लेकर गांव वालों के साथ हंगामा भी किया था। पुलिस ने आरोपित मनीराम को गिरफ्तार कर लिया है।
65 वर्षीय वीरवती रविवार को खेत में चारे के लिए गन्ने का पत्ता लेने गई थीं। कुछ देर बाद उनका छोटा बेटा मनीराम वहां पहुंचा और शोर मचाया कि गुलदार (तेंदुआ) ने मां पर हमला कर दिया है। सूचना पर ग्रामीण, पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्वजन और ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग की। प्रशासन के आश्वासन के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्धा की मौत का कारण गला दबाकर हत्या करना सामने आया। रिपोर्ट में पसलियां टूटने की भी पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने देर रात मनीराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
यह भी पढ़ें- पोस्टमार्टम में खौफनाक सच आया सामने: गुलदार के हमले में नहीं गई वृद्धा की जान, गला दबाकर व पसलियां तोड़कर की गई हत्या
सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि आरोपित शराब पीने का आदी है। खेती का काम भी नहीं करता था। बड़ा भाई रूपचंद अपने परिवार के साथ देहरादून में रहता है। खेती की जिम्मेदारी मां वीरवती संभालती थीं। दो दिन पहले मां ने उसे डांटा था, जिससे नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची।
खेत में मां के साथ मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी और घटना को गुलदार के हमले का रूप देकर सरकारी मुआवजा हासिल करने की योजना बनाई। घटना के राजफाश के बाद गांव में भी हैरत और आक्रोश का माहौल है।
