VIDEO: भाजपा के पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह पर कारोबारी भाइयों तालिब-खालिद ने किया हमला, एक आरोपित कार के आगे लेटा
Bijnor News : बिजनौर में पूर्व भाजपा सांसद भारतेंद्र सिंह पर हमले का मामला सामने आया है। दो भाइयों तालिब, ...और पढ़ें
HighLights
आरा मशीन की सील खुलने की शिकायत पर जांच को गई थी वन विभाग व राजस्व की टीम।
तालिब और खालिद भाजयुमो के जिलाध्यक्ष रोबिन चौधरी पर हमला करने के हैं आरोपित।
आरोपित पक्ष ने भी बिजनौर कोतवाली पहुंच पूर्व सांसद पर लगाए गंभीर आरोप।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। बिजनौर से भाजपा के पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह पर बुधवार की शाम कारोबारी सगे भाइयों तालिब व खालिद ने साथियों संग पुलिस के सामने हमला कर दिया। पूर्व सांसद यहां आरोपितों की चांदपुर रोड स्थित आरामशीन की जांच के लिए गई राजस्व व वन विभाग की टीम के साथ गए थे।
कुछ दिन पहले आरा मशीन सील की गई थी। पूर्व सांसद का आरोप था कि सील होने के बाद भी आरामशीन का संचालन हो रहा था। पूर्व सांसद को देख आरोपित भड़क गए और हमला कर दिया।

पूर्व सांसद की कार के आगे लेटा आरोपित। वीडियो ग्रैब
भाजयुमो के जिलाध्यक्ष रोबिन चौधरी पर पांच जुलाई 2025 को हमला करने के आरोपित कारोबारी भाई तालिब और खालिद की शिकायत पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह ने खुद मुख्यमंत्री से मिलकर की थी। उसके बाद स्थानीय प्रशासन ने आरोपित भाइयों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। बुधवार शाम भी पूर्व सांसद पुलिस, राजस्व और वन विभाग की टीम के साथ आरोपितों की आरामशीन पर गए थे।
पूर्व सांसद की ही शिकायत पर वन विभाग व प्रशासन की टीम ने आरामशीन को सील किया था। अब शिकायत मिली थी कि इसका संचालन हो रहा था। टीम जांच कर ही रही थी, आरोप है कि इसी बीच पूर्व सांसद को आया देख तालिब व खालिद ने साथियों के साथ मिलकर हंगामा कर दिया। इस दौरान पूर्व सांसद के साथ धक्का-मुक्की हुई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने किसी प्रकार उन्हें बचाकर कार में बैठाया। आरोपितों ने कार को घेर लिया और दरवाजा खोलकर धमकी दी। साथ ही बंद शीशों पर भी मुक्के मारे।

पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह का फाइल फोटो।
इस दौरान खालिद ने एक पुलिसकर्मी से उसकी कारबाइन छीनने का प्रयास भी किया। जबकि तालिब पूर्व सांसद की कार के आगे लेट गया। जिसे पुलिसकर्मियों ने हटाया। उधर, जैसे ही चालक ने कार को आगे बढ़ाया तो फिर से आरोपित पक्ष ने कार पर हमले का प्रयास किया, लेकिन तेजी से कार आगे बढ़ गई। घटना के बाद पूर्व सांसद एसपी अभिषेक झा से मिले और कार्रवाई की मांग की।

शहर कोतवाली में तालिब।
वहीं, आरोपित पक्ष के लोग भी अपने घर की महिलाओं के साथ घायल स्थिति में कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पूर्व सांसद पर हमला करने और पांच करोड़ रुपये मांगने के आरोप लगाए। पुलिस ने तालिब-खालिद सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। एसपी ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उधर, घटना से संबंधित कई वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं
