Bijnor News: बिजनौर में ‘नया सवेरा’ अभियान के तहत पुलिस ने कस रही शिकंजा, हत्थे चढ़ा नशे का सौदागर
चांदपुर पुलिस ने एक नशे का सामान बेचने वाले तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से गांजा भांग गोलियां रोलिंग पेपर और नगदी बरामद हुई है। दिल्ली का तस्कर यह सामान सप्लाई करता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बिजनौर, जेएनएन। ‘नया सवेरा’ अभियान के तहत नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसा जा रहा है। चांदपुर पुलिस ने एक नशे का सामान बेचने वाले तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से गांजा, भांग, गोलियां, रोलिंग पेपर और नगदी बरामद हुई है। दिल्ली का तस्कर यह सामान सप्लाई करता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वहीं गिरफ्तार आरोपित को जेल भेज दिया गया।
रविवार को एएसपी देहात राम अर्ज और चांदपुर सीओ सुनीता दहिया ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि कि चांदपुर पुलिस ने राजन उर्फ राजू शर्मा पुत्र सुमित शर्मा निवासी मोहल्ला विकास नगर शहर कोतवाली जिला हरदोई हाल निवासी मोहल्ला सराय रफी चांदपुर को गिरफ्तार किया है।
सात सौ में बेचता था गांजे की पुड़िया
आरोपित ने एक अंग्रेजी शराब की दुकान के ऊपर किराए पर कमरा ले रखा था, जहां पर नशीले पदार्थो का भंडारण रखता था। आरोपित के पास से 650 ग्राम गांजा, 36 किलो सूखी भांग, भांग की गोली, 13 पैकेट रोल्ड पेपर और 12 हजार रुपये नगदी बरामद हुई हैं। आरोपित शराब की दुकान पर आने वाले लोगों को नशे का सामान बेचता था। गांजे की एक पुड़िया सात सौ रुपये के लगभग में बेचता था। सूखी भांग की पत्ती से नशे की गोलियां तैयार करता था।
आरोपित के खिलाफ एनडीपीएक्स में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपित राजन 2019 में एनडीपीएक्स में जेल जा चुका है।
दिल्ली से हो रही थी तस्करी
आरोपित ने बताया कि नशीले पदार्थो के कच्चे माल की आपूर्ति दिल्ली से हो रही थी। दिल्ली का रहने वाला प्रवीण ही चांदपुर तक माल सप्लाई में करता है। वह ऑन डिमांड तस्करी का सामान भेजता है। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। मुख्य तस्कर प्रवीण की गिरफ्तारी के बाद अगली कड़ी जुड़ने की संभावना है।