विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौरवासियों को राहत: 52 दिन बाद चांदपुर से हस्तिनापुर-मेरठ मार्ग के लिए रोडवेज बस सेवा बहाल

By Sachin Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 20 Sep 2026 08:24 PM (IST)

Bijnor news: गंगा नदी में बाढ़ से क्षतिग्रस्त हस्तिनापुर मार्ग पर 52 दिन बाद सोमवार से रोडवेज बस सेवा फिर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. बिजनौर से हस्तिनापुर-मेरठ यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।

  2. चांदपुर डिपो ने सुबह 9 बजे से बस चलाने का निर्णय लिया।

संवाद सहयोगी, चांदपुर (बिजनौर)। गंगा नदी में आई बाढ से हस्तिनापुर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से 52 दिन से मेरठ के लिए बंद पड़ी रोडवेज सेवा सोमवार से शुरू होगी। बस सेवा शुरू होने से मेरठ जाने वाले यात्रियों को लंबे सफर व अनावश्यक खर्च से मुक्ति मिलेगी।

गंगा नदी पर पुल बनने के बाद हस्तिनापुर व मेरठ की दूरी घटकर आधी रह गई है लेकिन बरसात का मौसम इस सडक पर भारी पड़ता है।

गंगा नदी पर बने पुल व अप्रोच मार्ग तैयार होने पर वर्ष 2021 से हस्तिनापुर व मेरठ के लिए इस सड़क से वाहन दौड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा इसी वर्ष चांदपुर से हस्तिनापुर व मेरठ के लिए रोडवेज बसों का संचालन शुरू किया गया था।

यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अमरोहा डिपो ने भी अपनी एक बस का संचालन शुरु किया था। गंगा नदी में आई बाढ़ से 29 जुलाई को पांडव नगर पुलिस चौकी के पास गंगा का पानी सड़क के ऊपर से बहने लगा था जिससे बसों का संचालन बंद हो गया था। बाढ़ के पानी ने पुलिस चौकी के नजदीक सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दी थी।

स्थानीय लोगों व ब्लाक प्रमुख द्वारा सड़क की मरम्मत कराये जाने के बाद पिछले दस दिनों से इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन हो रहा है। सड़क का निरीक्षण करने के बाद चांदपुर डिपों ने इस मार्ग पर सुबह नौ बजे से बस चलाने का निर्णय लिया है।

बस संचालन होने से क्षेत्र के लोगों को मेरठ व हस्तिनापुर पहुंचने में आसानी हो जायेगी। स्टेशन प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि सुबह नौ बजे स्थानीय बस स्टैंड से मेरठ के लिए बस का संचालन किया जायेगा जो दोपहर 12 बजे मेरठ से वापस लौटेगी।