विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1.40 करोड़ की ठगी में शामिल बिजनौर के युवक को ओडिशा पुलिस ने दबोचा, एक आरोपित की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी

By Sachin Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 12 Aug 2026 01:16 PM (IST)

ओडिशा साइबर क्राइम टीम ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर के अकौंधा गांव से एक युवक को भुवनेश्वर में हुए 1.40 ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. ओडिशा के भुवनेश्वर शहर निवासी व्यक्ति से हुई थी ठगी

  2. चांदपुर के गांव अकौंधा निवासी दो युवक थे ठगी में शामिल

संवाद सहयोगी, चांदपुर (बिजनौर)। ओडिशा के भुवनेश्वर शहर में एक व्यक्ति से 1.40 करोड़ की साइबर ठगी के मामले में वहां की साइबर क्राइम टीम ने गांव अकौंधा में दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गांव के ही एक युवक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों के खाते में ठगी की रकम पहुंची थी। इसके बाद से वहां की पुलिस उनकी खोजबीन कर रही थी।

कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि ओडिशा के कटक जिले के साइबर क्राइम इंचार्ज आसित कुमार साहू अपनी टीम के साथ चांदपुर पहुंचे। बताया कि कुछ माह पूर्व भुवनेश्वर शहर के एक व्यक्ति से 1.40 करोड़ की साइबर ठगी हुई थी। इसके बाद से वह मामले की जांच में जुटे हैं।

जांच पड़ताल की तो सामने आया कि गांव अकौंधा निवासी अमित कुमार और ललित कुमार इस ठगी में शामिल हैं। ठगी की रकम इन दोनों के खातों में पहुंची थी। जिसके बाद उन्होंने इन खातों से करीब 13 लाख रुपये निकाले। पिछले दिनों कटक की टीम ने अमित को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन ललित का पता नहीं लग सका था।

बताया कि ललित को तलाश करते हुए कटक की साइबर टीम यहां पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ अकौंधा में दबिश दी तो ललित घर पर ही मिला। उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल ने बताया कि कटक की साइबर टीम ललित को अपने साथ ले गई है।

अग्निवीर पर फायरिंग का आरोपित गिरफ्तार

मंडावर : क्षेत्र के गांव शहवाजपुर निवासी रोहित पुत्र पवन उत्तराखंड के रुड़की से अग्निवीर की ट्रेनिंग पूरी कर 28 मई को घर लौटा था। अग्निवीर बनने की खुशी मे उन्होंने अपने दोस्तों को पार्टी पर बुलाया था। इसी दौरान गांव देवीदासवाला की ओर से आठ-दस बाइक पर करीब डेढ़ दर्जन से अधिक युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी।

कान के पास व हाथ में छर्रे लगने से अग्निवीर घायल हो गया था। इस मामले मे रोहित के पिता पवन कुमार ने गांव निवासी अरुण, अमित, सुंदरम व गांव इनामपुरा निवासी रजनीश ऊर्फ रज्जू को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थीं। पुलिस ने मंगलवार को गांव इनामपुरा निवासी रजनीश ऊर्फ रज्जू को तमंचे व एक कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।