लिव इन रिलेशनशिप में रहने की जिद पर अड़ी थी महिला, चचेरे भाई ने दुपट्टे से गला घोंटकर मार डाला
बिजनौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की जिद पर अड़ी एक महिला की उसके चचेरे भाई ने दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी।

पुलिस लाइन में पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपित। सौजन्य पुलिस
HighLights
नूरपुर क्षेत्र में गांव आलमपुर एड़वा के पास गला दबाकर कर दी थी हत्या
पति से विवाद के चलते अलग रह रही थी महिला, आरोपित को भेजा जेल
जागरण संवाददाता, बिजनौर। लिव इन रिलेशनशिप में रहने की जिद पर अड़ी उषा सैनी की हत्या उसके चचेरे भाई ने की थी। पुलिस ने शनिवार को आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपित ने मंगलवार रात को महिला की आलमपुर एड़वा के जंगल में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। साथ में मौजूद तीन साल की बच्ची को भी मारने का प्रयास किया और बेहोशी की हालत में उसे मौके पर ही छोड़कर भाग गया। वारदात के बाद अपनी चचेरी बहन के डेढ़ साल के बेटे को अपने साथ ले गया और बहाने से अपनी ससुराल में छोड़ दिया।
बुधवार सुबह एक महिला का अधजला शव आलमपुर एड़वा गांव के जंगल में रामगंगा पोषक नहर पास गन्ने के खेत में मिला था। पास ही तीन साल की बच्ची भी शव के पास था। शुक्रवार को मृतका की पहचान गांव नबलपुर निवासी अनिल कुमार ने अपनी पत्नी उषा सैनी और तीन वर्षीय बेटी के रूप में की थी। उषा अपने पति से विवाद के चलते चांदपुर के स्याऊ में किराये पर रहती थी। शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी देहात गौतम राय ने बताया कि उषा के चचेरे भाई जिला अमरोहा के गांव बीलना निवासी नीरज पुत्र रामअवतार को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि छह माह पूर्व उषा अपने चचेरे भाई नीरज के भतीजे के जन्मदिन में आई थी। इस दौरान दोनों में बातचीत हुई। मोबाइल फोन के माध्यम से नजदीकियां बढ़ गई। इसकी भनक पति को भी लग गई और विवाद बढ़ गया। तीन महीने पहले उषा अपनी ससुराल नबलपुर छोड़कर अपने मायके के पास स्याऊ में किराये के मकान में रहने लगी। इस बीच उसके नीरज से संबंध हो गए और वह साथ रहने की जिद करने लगी।
नीरज पहले से ही शादीशुदा था। उसने साथ रखने से इन्कार कर दिया। उषा की जिद से परेशान होकर उसने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और उसे अमरोहा में किराये के कमरा दिलवा दिया। 19 सितंबर को नीरज उषा और उसके बेटा व बेटी को लेकर टाटा मैजिक से घुमाने के लिए हरिद्वार और ऋषिकेश ले गया। 20 सितंबर को वापस आकर नूरपुर के एक होटल में ठहराया। उषा दोनों बच्चों के साथ दो दिन तक वहां रही।
22 सितंबर की रात नीरज टाटा मैजिक में उषा, उसकी बेटा-बेटी को बैठाकर गांव आलमपुर एड़वा के जंगल में रामगंगा पोषक नहर के पास ले गया। रात में उषा की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। इसी बीच बच्ची रोने लगी तो उसका भी गला दबा दिया। बच्ची बेहोश हो गई तो उसे मरा समझकर उसे वहीं छोड़ दिया। आरोपित छोटे बच्चे को लेकर अपनी ससुराल मुरादाबाद पहुंच गया। वहां बताया कि बच्चे की मां और पिता में विवाद चल रहा है। इसलिए कुछ समय के लिए इसे अपने पास रख लें।
पुलिस ने बच्चे को उसकी ससुराल से बरामद कर उसके पिता को सौंप दिया। आरोपित गाड़ी चालक है। जम्मू से सेब और अन्य फल लाता है। आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है। इस दौरान एसओ प्रवेज सिंह, रवि कुमार मौजूद रहे।
