विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव में बरात आई तो दूल्हे को मारूंगा गोली!... दहशतजदा वर पक्ष ने तोड़ा रिश्ता, मां ने दर्ज कराई रिपोर्ट

By Virendra Rana Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 19 Jun 2026 12:19 PM (IST)

बिजनौर में शादी तय होने के बाद वर पक्ष को बाइक सवार युवकों ने जान से मारने की धमकी दी, जिससे दहशत में आकर रिश्ता तोड़ दिया गया।

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. शादी तय होने के बाद वर पक्ष को जान से मारने की धमकी मिली।

  2. बाइक सवार चार युवकों ने दूल्हे को गोली मारने की धमकी दी।

  3. धमकी के डर से वर पक्ष ने रिश्ता तोड़ा, पुलिस ने FIR दर्ज की।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। शोहदों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। लड़की से रिश्ता पक्का कर घर जा रहे वर पक्ष को बाइक सवार चार युवकों ने घेर लिया। मारपीट कर शादी करने पर जान से मारने की धमकी दी। एक युवक ने धमकी दी कि अगर गांव में बरात आई तो पहली गोली दूल्हे को मारूंगा। धमकी के डर से लड़का पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया है। पुलिस ने युवती की मां की तहरीर पर गांव के चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। 

शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी की बात मंडावली के एक गांव के रहने वाले युवक से चल रही थी। बुधवार शाम युवक और उसके स्वजन लड़की को देखने के लिए उसके गांव आए थे। लड़की को देखने के बाद शादी की बात पक्की हो गई। सगाई कार्यक्रम की तिथि तय कर दी गई।

शादी तय होने के बाद वर पक्ष कार से घर जा रहा था। वे सभी गांव के बाहर आए। इसी बीच दो बाइक पर सवार होकर चार युवक आए और उनकी कार को रोक लिया। तमंचा दिखाते हुए हाथा-पाई और गाली-गलौज की। आरोप है कि यहां पर शादी करने पर जान से मारने की धमकी दी। कार सवार युवक धमकी देते हुए हुए फरार हो गए।

जानकारी पर लड़की पक्ष भी मौके पर पहुंच गए। लड़का पक्ष ने अपने गांव पहुंचकर शादी की बात करने से इन्कार कर दिया। इस मामले में युवती की मां की तहरीर पर आरोपित रितिक उर्फ गोलू , प्रीतम सिंह, नामे रावर्ट व जापानी के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ अभय कुमार पांडे ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है।