बिजनौर: पटाखा फैक्ट्री के अवशेषाें में विस्फोट के मामले में एक गिरफ्तार, झुलसे भाइयों का दिल्ली में चल रहा उपचार
Bijnor News: बिजनौर के शेरकोट में पटाखा फैक्ट्री के अवशेषों में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने एक आरोपित ...और पढ़ें

धामपुर में प्रेसवार्ता में जानकारी देते एएसपी पूर्वी एके श्रीवास्तव।
HighLights
विस्फोट में झुलसे दो भाई दिल्ली अस्पताल में भर्ती।
अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालन पर पुलिस की कार्रवाई जारी।
संवाद सहयोगी, धामपुर (बिजनौर)। थाना शेरकोट के गांव वाजिदपुर में 20 सितंबर को पटाखा फैक्ट्री के अवशेषों में हुए विस्फोट से दो भाई रोहित व रोहन गंभीर झुलस गए थे। इस मामले में पुलिस ने गुरुवार को फैक्ट्री संचालक एक आरोपित मुकेश पुत्र विजयपाल निवासी गांव नूरपुर छीपरी थाना शेरकोट को गिरफ्तार कर लिया।
धामपुर में एएसपी पूर्वी एके श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में बताया कि 14 सितंबर को थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में अवैध भंडारण पकड़ा गया था। जिसका संचालन शेरकोट के गांव वाजिदपुर निवासी युसुफ, रिजवान, गुफरान, खुर्शीद और मुकेश कर रहे थे। उन्होंने वाजिदपुर में भी पटाखा फैक्ट्री संचालित कर रखी है।
हीमपुर दीपा में छापेमारी के बाद आरोपितों ने भंडारण को छिपाने के लिए गांव में ईंट भट्टे के पास पटाखा अवशेष खुर्दबुर्द कर दिए थे। बाद में इन्हीं में विस्फोट के कारण दो भाई गंभीर झुलस गए थे।
यह था मामला
थाना शेरकोट के गांव वाजिदपुर में रविवार को वाजिदपुर के दो भाई 13 वर्षीय रोहन व 16 वर्षीय रोहित पुत्रगण चंद्रवीर ईंट भट्टे के पास घास काटने गए थे। इसी दौरान वहां पास में स्थित पटाखा फैक्ट्री का कचरा पड़ा था, जिसमें विस्फोट होने से दोनों गंभीर घायल हो गए थे।
उन्हें बिजनौर के जिला मेडिकल कालेज से मेरठ और बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया था। चार दिनों से वहीं उनका इलाज चल रहा है। बुधवार को सांसद प्रतिनिधि विवेक सेन अस्पताल में दोनों भाइयों को देखने पहुंचे और परिवार से हालचाल जाना।
विवेक सेन ने बताया कि उन्होंने सांसद व अपनी ओर से परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए आर्थिक मदद भी की है। जिससे परिवार दोनों बेटों का बेहतर इलाज करा सकें। साथ ही उन्होंने स्थानीय पुलिस-प्रशासन से जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
