सांप का हैरान करने वाला रेस्क्यू! नागिन को लगाया सरसों का तेल और खींचकर निकाला फंसा हुआ लोहे का छल्ला
Bijnor News: बिजनौर में एक बाइक मैकेनिक की दुकान में नागिन घुस गई। सूचना पर सर्प मित्र ने मौेके पर पहुंच रेस्क्यू का प्रयास शुरू किया।
HighLights
बिजनौर में बाइक मैकेनिक की दुकान में घुसी थी नागिन।
रेस्क्यू के दौरान नागिन के गले में लोहे का छल्ला फंसा।
संवाद सूत्र, नहटौर (बिजनौर)। बाइक मैकेनिक की दुकान में घुसी एक नागिन के गले में लोहे का छल्ला फंस गया। उसके गले से छल्ला निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सरसों का तेल लगाकर किसी तरह छल्ले को धीरे-धीरे निकाला गया। बाद में नागिन को जंगल में छोड़ दिया गया।
धामपुर मार्ग पर दीपक मिस्त्री की बाइकों की मरम्मत की दुकान है। सोमवार को उसकी दुकान में सांप दिखाई दिया। उन्होंने सर्पमित्र भरत भास्कर को सूचना दी। भरत भास्कर दुकान पर गए तो उन्होंने देखा कि नागिन वहां सामान के पीछे छिपी हुई थी।
उसके गले में वहां पड़ा लोहे का छल्ला फंसा हुआ था। इस कारण उसका फन भी पूरी तरह फैल नहीं पा रहा था। भरत भास्कर ने नागिन को पकड़ लिया लेकिन उसके गले से लोहे का छल्ला निकाला जाना भी जरूरी था।
अगर ऐसा न किया जाता तो वह कुछ खा नहीं पाती और मर जाती। उन्होंने नागिन के गले से लोहे का छल्ला निकालने का प्रयास किया। इसमें दुकान में काम करने वाले मैकेनिक शाहनवाज ने मदद की। उन्होंने नागिन का मुंह स्नैक कैचर स्टिक से दबाया और उसके गले पर सरसों का तेल लगाया। इसके बाद धीरे धीरे लोहे के छल्ले को हाथ से सरकाकर निकाला। इस दौरान नागिन छूटने के लिए बुरी तरह झटपटाती रही।
अगर वह किसी वजह से छूट जाती तो भरत भास्कर और शाहनवाज में से किसी को भी डस सकती थी। किसी तरह लोहे का छल्ला निकाला गया और नागिन को जंगल में छोड़ा गया।
लगभग आठ वर्ष थी आयु
सांपों की आयु का अंदाजा उनके दांत, आंख के आकार से से लगाया जाता है। इस नागिन की आयु लगभग आठ वर्ष थी। उसकी सेहत को देखकर लग रहा था कि वह गर्भवती भी हो सकती है। कोबरा किसी बिल में अंडे देती है।
सांपों को पकड़ने का काम लगातार सर्पमित्रों की सहायता से किया जा रहा है। अगर कहीं पर सांप निकलता है तो सर्पमित्रों को सूचित करें। किसी वन्यजीव को हानि न पहुंचाएं।
-जय सिंह कुशवाहा, डीएफओ
