मामूली कहासुनी पर कार चालक ने खोया आपा, बालक को कुचला.. तीन बाइकों पर चढ़ा दी कार
बिजनौर के बढ़ापुर में मामूली कहासुनी के बाद एक कार चालक ने आपा खो दिया और तेज रफ्तार कार से एक मूकबधिर बालक को कुचल दिया।

HighLights
मामूली कहासुनी के बाद कार चालक ने खोया आपा।
तेज रफ्तार कार से मूकबधिर बालक को कुचला, घायल।
तीन बाइकों को क्षतिग्रस्त किया, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, जागरण, बढ़ापुर (बिजनौर)। शुक्रवार देर रात एक युवक ने कार दौड़ाकर कस्बे में जमकर उत्पात मचाया। युवक ने तेज गति से कार चलाकर एक मूकबधिर बालक को कुचल दिया, जबकि तीन बाइकों पर भी कार चढ़ा दी। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो दिया। स्वजन ने बालक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपित युवक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।

पक्का तालाब निवासी युवक तेज रफ्तार कार लेकर शुक्रवार रात अपने घर लौट रहा था। मुहल्ला ठाकुरान बीच की होली पर रास्ते में खड़े कुछ युवकों से उसकी मामूली कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद कार चालक आपा खो बैठा और युवकों को सबक सिखाने के लिए तेज रफ्तार कार उनकी बाइकों पर चढ़ा दी। सभी युवक मौके पर बाइक छोड़ भाग गए।
चालक कार को तेज रफ्तार में आगे-पीछे करने लगा। उसी दौरान मुहल्ले के ही इरफान का 12 वर्षीय मूकबधिर पुत्र मोहम्मद अल्तू भी कार की चपेट में आ गया और आरोपित युवक ने कार बालक के ऊपर चढ़ा दी। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हाल में बिजनौर के बुद्धा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना में तीनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं।
उधर, इस घटना के बाद आरोपित ने कुछ दूर जाकर मुहल्ला गड़रियान निवासी राजाराम पाल की कटिया को भी टक्कर मार दी। पीड़ित ने रात में ही निजी पशुचिकित्सक को बुलाकर कटिया का भी उपचार दिलाया। घटना के बाद आरोपित चालक ने देर रात कार को बढ़ापुर-सरदारपुर छायली मार्ग पर पहाड़ा नदी के पास एक डेरे पर खड़ी कर दी।
उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी किराए पर लेकर कार चलाता है, उसके दो भाई बाहर रहकर मजदूरी करते हैं और पिता सब्जी की आढ़त लगाने का काम करते है। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष के लोगों को थाने बुलाया गया है। आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
