विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौर में चोरों का आतंक, चार घरों से 12 लाख की चोरी; पांचवें में जाग होने पर परिवार को धमकी देकर भागे

By Rahul Shyam Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 23 Jul 2026 06:51 PM (IST)

Bijnor News: बिजनौर के सुल्तानपुर उर्फ भगतावाला गांव में चोरों ने चार घरों से नगदी और जेवर सहित 12 लाख ...और पढ़ें

घर में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी व संदूक, गन्ने के खेत में चोरों द्वारा फेंका गया संदूक देखते पुलिसकर्मी। जागरण

घर में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी व संदूक, गन्ने के खेत में चोरों द्वारा फेंका गया संदूक देखते पुलिसकर्मी। जागरण

HighLights

  1. बिजनौर के सुल्तानपुर गांव में चार घरों में चोरी।

  2. तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

बिजनौर। गांव सुल्तानपुर उर्फ भगतावाला की नई कालोनी में बुधवार देर रात चोरों ने आसपास के चार घरों में बड़ी चोरी को अंजाम दिया, जबकि पांचवें घर में घुसने पर परिवार जाग गया। जिससे वहां चोरी नहीं कर सके, लेकिन परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

सभी घरों में चोरों ने नगदी व जेवर समेत करीब 12 लाख रूपये से अधिक की चोरी को अंजाम दिया। तीन घर एक ही परिवार के हैं। एक पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव में खेतों से एक सीढ़ी व संदूक बरामद हुआ है।

गांव सुल्तानपुर उर्फ भगतावाला में नई काॅलोनी स्थित है, जिसमें मस्जिद के पास शरीफ अहमद पुत्र अब्दुल रशीद का घर है। शरीफ अहमद ने बताया कि वह बुधवार देर रात गर्मी के कारण अपने घर की बैठक का दरवाजा खोलकर सो रहे थे, चोर इसी का फायदा उठाकर अंदर घुसे और उनके घर में रखे संदूक का ताला तोड़कर दो लाख 40 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।

शरीफ ने बताया कि उनके घर में उनकी बेटी शहरीनजहां के निकाह की तैयारी चल रही थीं, इसी कारण नगदी व जेवरात घर में रखे थे। चोरों ने उनके घर में ही छोटे बेटे हिबर्जुरहमान के कमरे में घुसकर पैंतीस हजार रुपये, एक सोने का हार, एक जोड़ी चांदी की पायल व दो जोड़ी चांदी के बिछुए चोरी कर लिए।

इसके बाद चोर उनके पड़ोस में बड़े बेटे नफीस उर्फ शानू के घर में ताला तोड़कर घुसे, नफीस मुंबई के बांद्रा में रहता है जबकि उसकी पत्नी रुबीना 10 दिन पहले मायके गई हुई थी। चोरों ने यहां भी अलमारी का ताला तोड़कर दस हजार रुपये व जेवरात चोरी किए। बाद में चोर चौथे घर में पड़ोसी निजामुद्दीन अंसारी के यहां घुसे और संदूक उठाकर ले गए। निजामुद्दीन ने बताया कि संदूक में 27 हजार रुपये व जेवरात थे। चोरों ने सभी घराें से लगभग 12 लाख रुपये से अधिक की चोरी को अंजाम दिया है।

पांचवें घर में लूट का प्रयास

चार घरों को निशाना बनाने के बाद चोर देर रात लगभग सवा तीन बजे गांव में ही वसीम अहमद पुत्र मुस्ताक हुसैन के घर में घुसे। लेकिन परिवार जाग गया, जिससे चोरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर चुप कर दिया और जीने के रास्ते छत से कूद कर फरार हो गए।

वसीम अहमद का कहना है कि चार चोर घर में घुसे थे। अन्य घरों में इससे पहले ही चोरी को अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा व एसआई रहीसपाल मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस को किसान कृपाल सिंह के गन्ने के खेत में एक खाली संदूक व एक सीढ़ी पड़ी मिली।

गन्ने के खेत से बरामद हुआ संदूक निजामुद्दीन का है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा ने बताया कि शरीफ अहमद की तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।