बिजनौर: अनिल सोती हत्याकांड में नया मोड़, घर में आग से फाइलें व सामान जला; क्राइमसीन और सबूत नष्ट करने की साजिश की आशंका
बिजनौर के चर्चित अनिल सोती हत्याकांड में नया मोड़ आया है। उनके बंद पड़े आवास में आग से अलमारी में रखे दस्तावेज जले पाए गए।

घर में लगी आग के बाद जला पड़ा सामान। सौ. स्वजन
HighLights
अलमारी में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख।
दमकल विभाग ने मामले की जांच शुरू।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। शहर के चर्चित अनिल सोती हत्याकांड में नया मोड़ आया है। शरारती तत्वों ने अनिल सोती के बंद पड़े आवास में आग लगा दी। अलमारी में रखी फाइलें, दस्तावेज व अन्य सामान जल हुआ मिला है। आग कई दिन पुरानी है। आशंका है कि किसी ने सबूत या महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट करने की साजिश रची है। पुलिस शार्ट सर्किट से आग मान रही है। दमकल विभाग ने जांच शुरू की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के नूरपुर रोड पर कृष्णा कालेज के पास सोती फार्म के मालिक 82 वर्षीय अनिल कुमार सोती की छह जुलाई को उनके आवास में गला दबाकर हत्या कर दी थी। मृतक के भांजे दिल्ली के मयूर विहार निवासी आलोक शर्मा ने अपने फुफेरे भाई यानि अनिल सोती के भतीजे गौरव सोती, प्रापर्टी डीलर शैलेंद्र खन्ना उर्फ शैली खन्ना, सुनील खन्ना व नावेद और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने चार आरोपित निशा उर्फ अंजुम उसकी बहन हीना, भाई अलीमुद्दीन व उसका दोस्त सुभाष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हत्याकांड का साजिशकर्ता अधिवक्ता राजनारायण निवासी दिल्ली फरार है। अभी पुलिस अधिवक्ता की तलाश कर रही है।
उसकी तलाश में देशभर में दबिश दे रही है। उधर, घटनाक्रम में नया मोड़ आया है। हत्या के बाद अनिल सोती का आवास बंद पड़ा था। मृतक का भांजा ताला लगाकर चला गया था। अब मृतक की बहन सरिता शर्मा और भांजा मोहित शर्मा देखने के लिए आवास पर पहुंचे।
ताला खोलकर अंदर देखा तो अनिल सोती का कमरा जला मिला है। अलमारी में रखी फाइलें और दस्तावेज जले हुए हैं। अनिल सोती के रिश्तेदारों ने आशंका जताई कि इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है। किसी ने सबूत मिटाने या महत्वपूर्ण कागजात नष्ट किए हैं।
आग कई दिन पुरानी है। सूचना अब मिली है। आग शार्ट सर्किट से लगी है या किसी अन्य कारण से है। इसकी जांच दमकल विभाग से कराई जा रही है।
अभय पांडे, सीओ सिटी
