अमानगढ़ में जिप्सी सफारी की तैयारी शुरू, साफ होने लगी व्यू लाइन; पर्यटकों के लिए 1 नवंबर से खुलेगा जंगल
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में 1 नवंबर से शुरू होने वाली जंगल सफारी के लिए तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें पर्यटकों के ट्रैक की व्यू लाइन साफ की जा रही है।

HighLights
अमानगढ़ में 1 नवंबर से जंगल सफारी का शुभारंभ होगा।
पर्यटकों के लिए व्यू लाइन साफ, रास्तों की मरम्मत जारी।
वन्यजीवों से सुरक्षा हेतु झाड़ियों की सफाई का कार्य।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के लिए वन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी हैं। वन विभाग द्वारा इस पर्यटकों के ट्रैक के दोनों ओर व्यू लाइन साफ कराई जा रही हैं। रास्तों की मरम्मत का काम इसके बाद शुरू किया जाएगा। अमानगढ़ में एक नवंबर से पर्यटकों के लिए जंगल सफारी शुरू की जाएगी।
पर्यटकों के लिए अमानगढ़ के द्वार वर्ष 2022 में खोले गए थे। तब से देश-विदेश के पर्यटक लगातार अमानगढ़ में आकर वन्यजीवों के संसार को देख रहे हैं। अमानगढ़ लगभग साढ़े नौ हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है।
एक नवंबर से जंगल सफारी का आगाज
आमतौर में वनों में पर्यटकों के लिए जंगल सफारी 15 नवंबर को शुरू होती है जो 15 जून तक चलती है। इस बार जंगल सफारी का आगाज एक नवंबर से किया जा रहा है। पर्यटकों को केहरीपुर जंगल से झिरना गेट तक ले जाया जाता है और इसी से वापस लाया जाता है। पर्यटकों को ये चक्कर लगभग 32 किलोमीटर का पड़ता है और इसमें तीन से साढ़े तीन घंटे लगते हैं।
पर्यटकों को सुरक्षित सफारी कराने के लिए ट्रैक के सही होने के साथ ही वन्यजीवों के हमलों की गुंजाइश को न्यूनतम रखा जाता है। बरसात का पानी ट्रैक को काट देता है। इन गड्ढों की मरम्मत का काम किया जा रहा है। पर्यटकों के ट्रैक के अलावा दूसरे ट्रैक की भी मरम्मत कराई जाएगी।
हो रही व्यू लाइन साफ
बरसात में दोनों ओर झाड़ियां व नए पौधे उग आते हैं। इसमें छिपकर वन्यजीवों के हमला करने करने की गुंजाइश रहती है। इसलिए सबसे पहले इन झाड़ियों को ही साफ किया जा रहा है। झाड़ियों के साफ होने पर पर्यटकों को पेडों के नीचे दूर तक का दिखता है। इसे व्यू लाइन कहा जाता है। यह वन्यजीवों के दिखने और उनके हमलों को रोकने दोनों में काम करती है।
इन्होंने कहा...
अमानगढ़ में रास्तों की मरम्मत और व्यू लाइन साफ करने का काम शुरू कर दिया गया है। एक नवंबर से पर्यटकों के लिए अमानगढ़ में जंगल सफारी शुरू कराई जाएगी। उम्मीद है कि इस बार पहले से भी अधिक पर्यटक आएंगे।
-जय सिंह कुशवाहा, डीएफओ
