उत्पीड़न का आरोप लगा पालिकाकर्मी ने खाया जहर
कर्मचारी ने शनिवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे कालागढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। नगर पालिका द्वारा कर्मचारी को दो दिनों पहले 16 सभासदों की शिकायत के बाद जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग से हटा दिया गया था। कर्मचारी की पत्नी ने सभासदों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
बिजनौर, जेएनएन। नगर पालिका परिषद में कार्यरत एक कर्मचारी ने शनिवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कालागढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। नगर पालिका द्वारा कर्मचारी को दो दिन पहले 16 सभासदों की शिकायत के बाद जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग से हटा दिया गया था। कर्मचारी की पत्नी ने सभासदों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
नगर पालिका परिषद में नितिन कुमार अग्रवाल पुत्र स्व. अनिल कुमार जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग में कार्यरत था। कुछ दिनों पहले पालिका के 16 सभासदों ने नितिन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इसके बाद ईओ मनोज कुमार रस्तोगी ने 20 फरवरी को नितिन को दूसरे विभाग में तैनात कर दिया था। बताया गया है कि इससे वह परेशान था, शनिवार दोपहर नितिन ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे कालागढ़ रोड पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉ आदित्य अग्रवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अभी हालत स्थिर है। घटना के बाद नितिन की पत्नी अलका अग्रवाल ने तहरीर दी, जिसमें सभी 16 सभासदों पर उत्पीड़न और रुपये मांगने का आरोप लगाया है। इस बारे में चेयरमैन राजू गुप्ता का कहना है कि सभासदों ने कर्मचारी के खिलाफ शिकायत की थी, जिसमें सामान्य प्रक्रिया के तहत उसका विभाग बदल दिया गया था। परिवार ने सभासदों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर आई है। मामले की जांच की जा रही है।
-----
सभासदों ने भी दी थाने में तहरीर
कर्मचारी की पत्नी से पहले 16 सभासद भी कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी, जिसमें उन्होंने कहा कि 20 फरवरी को ईओ ने कर्मचारी को हटाया था। जिसके बाद शनिवार सुबह नगर पालिका से पता लगा कि नितिन सभासदों पर आरोप लगाते हुए आत्महत्या की धमकी दे रहा है। इस बारे में सभी सभासदों ने चेयरमैन को भी अवगत कराया, जिसके बाद कोतवाली में तहरीर देते हुए इस मामले में संज्ञान लेने की बात कही।