ताई की हत्या के बाद तहेरी बहन को किया अधमरा
क्षेत्र के गांव तालमपुर में रविवार रात नशे के आदी एक युवक ने अपनी ताई और तहेरी बहन पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। जिसमें ताई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
बिजनौर, जेएनएन। तालमपुर गांव में रविवार रात नशे की हालत में एक युवक ने अपनी ताई की लोहे के पाइप से पीट-पीटकर हत्या कर दी और तहेरी बहन को भी अधमरा कर दिया। उसे गंभीर हालत में मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों ने आरोपित की बंधक बनाकर जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी की।
नहटौर थाना क्षेत्र के तालमपुर गांव निवासी कलावती (55) पत्नी स्व. विजय सिंह अपनी बेटी नीता (22) के साथ गांव में रहती थीं। रविवार रात दोनों मां-बेटी घर में सो रही थीं। रात करीब दो बजे कलावती के देवर दिग्विजय का बेटा मोहित घर में घुस गया। उसने अचानक ताई कलावती के सिर पर लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बेटी नीता ने शोर मचा तो आरोपित ने उसे भी पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। कलावती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से नीता को मेरठ रेफर कर दिया। ताई की हत्या के बाद आरोपित वहां से भागकर गांव के ही चमन पुत्र मेहर सिंह के यहां पहुंचा। उसने चमन पर भी पाइप से वार किया। चमन ने उसे दबोच कर शोर मचा दिया। शोर सुनकर आए ग्रामीणों ने मोहित की पकड़कर जमकर पिटाई की और उसे बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। सोमवार सुबह एसपी संजीव त्यागी व सीओ अफजलगढ़ महेश कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी की है। कोतवाल सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतका के दूसरे देवर दयाराम की तहरीर पर आरोपित पर हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित का चालान कर दिया है। परिजनों के मुताबिक मोहित नशे का आदी है।