Bijnor : ट्राईकोविजार से पीड़ित आठ वर्ष से खा रही थी बाल, पेट से निकला दो किलो का गुच्छा, 1 घंटे चला आपरेशन
Bijnor News किशोरी का पेट बढ़ने लगा और उसे दर्द की शिकायत अक्सर होने लगी तो डाक्टर को दिखाया। डाक्टर ने सीटी स्कैन कराया तब बालों के गुच्छे की जानकारी हुई। ये बीमारी कुछ बच्चों को होती है।
संवाद सहयोगी, बिजनौर। बाल खाने की बीमारी (ट्राईकोविजार) से पीड़ित 14 वर्षीय किशोरी के पेट से सर्जन डा. प्रकाश ने दो किलोग्राम बालों का गुच्छा निकाला है। आपरेशन एक घंटे से अधिक समय तक चला। चिकित्सक का कहना है कि पेट में इकट्ठा हुए बालों से किशोरी को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ट्राईकोविजार से पीड़ित थी किशोरी
सब्जी मंडी निवासी एक व्यक्ति की 14 वर्षीय पुत्री ट्राईकोविजार से पीड़ित थी। उसका पेट बढ़ने लगा और पेट दर्द की शिकायत रहने लगी। वह खाना नहीं खा पाती थी। लगातार उल्टी की शिकायत रहने लगी। स्वजन ने उसको सिविल लाइंस स्थित बीना प्रकाश नर्सिंग होम में डा. प्रकाश को दिखाया। डा. प्रकाश ने किशोरी का सीटी स्कैन कराया, जिसमें उसके पेट में बालों का गुच्छा होने का पता चला।
एक घंटे चला आपरेशन
मंगलवार को डा. प्रकाश ने किशोरी का आपरेशन किया। डा. प्रकाश ने बताया कि किशोरी को पिछले करीब आठ वर्ष से बाल खाने की आदत थी। उसके बाल खाने की आदत का माता-पिता को भी पता था लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वह किशोरी का सही तरीके से उपचार नहीं करा पा रहे थे। अब कुछ लोगों के सहयोग से आपरेशन कराया गया। किशोरी की हालत में सुधार है। अब उसे बाल खाने की आदत से छुटकारा मिल जाएगा।