बर्बाद फसल के मुआवजे की उठी आवाज
चक्रवाती तूफान ओलावृष्टि व बारिश से पिछले दिनों बर्बाद हो चुकी किसानों के फसल की मुआवजा देने सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार को किसानों संग कलेक्ट्रेट धमके भारतीय किसान सभा व भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : चक्रवाती तूफान, ओलावृष्टि व बारिश से पिछले दिनों बर्बाद हो चुकी किसानों के फसल की मुआवजा देने सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार को किसानों संग कलेक्ट्रेट धमके भारतीय किसान सभा व भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की। पीड़ित किसानों की फसल का सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति के रूप में राहत दिलाने की गुहार लगाई। साथ ही मांगों संबंधी पत्रक जिलाधिकारी को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
उत्तर प्रदेश किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कहा कि पूर्व में अतिवृष्टि के चलते जहां ऊंज, कुरमैचा, शेरपुर, भंडा, समधा ताल सहित अन्य क्षेत्रों में धान की फसल बर्बाद हो गई थी तो अब चक्रवाती तूफान व ओलावृष्टि से गेहूं सहित दलहन-तिलहन की फसल हाथ से निकल चुकी है। प्रभावित किसानों के सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो चुका है। कैसे परिवार चले वह समझ नहीं पा रहे हैं। शासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। प्रदर्शन में बेचूलाल, जगन्नाथ मौर्य, कैलाशनाथ, अखिलेश यादव, परदेशी राम, बिरजू पाल, राधेश्याम व अन्य थे।
इसी तरह भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले पहुंचे किसानों ने भी कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सितंबर में अतिवृष्टि से बर्बाद धान व अब ओलावृष्टि व चक्रवाती तूफान से बर्बाद हुई गेहूं, सरसों, चना-मटर आदि फसल का आंकलन कराकर पीड़ित किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग उठाई। कहा कि तमाम किसानों की पूरी की पूरी फसल बर्बाद होने से उनके परिवारों के सामने वर्ष भर के भोजन के संकट खड़ा हो चुका है। कहा कि राहत के नाम पर अभी तक किसानों को नष्ट हुई धान फसल का भी मुआवजा नहीं मिल सका है। प्रदर्शन में अरुणेंद्र कुमार चौबे, जयशंकर दुबे, अशोक कुमार सिंह, अरविंद मौर्य, अमरजीत बिद, रामनाथ तिवारी आदि थे।