भदोही के दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने के बाद झुलसी दो और महिलाओं की मौत, जान गवाने वालों की संख्या हुई नौ
भदोही के औराई पूजा पंडाल हादसे में शुक्रवार को दो और लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या 9 पहुंची 71 लोगों का चल रहा विभिन्न अस्पतालों में इलाज अभी 12 से अधिक की हालत गंभीर बीएचयू में चल रहा है इलाज।
भदोही, जागरण संवाददाता। औराई के नरथुआ गांव में रविवार की रात दुर्गा पूजा पंडाल आग हादसे में बड़ी संख्या में लोग झुलस गए थे। झुलसे हुए लोगों को वाराणसी, प्रयागराज, मीरजापुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
शुक्रवार को इलाज के दौरान सर सुंदरलाल अस्पताल वाराणसी में बारी गांव निवासी सीमा देवी 45 वर्ष व औराई खास निवासी मंजू देवी 40 वर्ष की मौत हो गई। इस हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। अभी भी 71 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसमें 12 की हालत गंभीर बताई जा रही है। रविवार को नरथुआ गांव में पूजा पंडाल में लग गई थी आग।
औराई के नरथुआ दुर्गा पूजा पंडाल में रविवार की रात भीषण अग्निकांड ने समूचे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। बीएचयू में भर्ती झुलसे लोगों की स्थिति गंभीर है। एक व्यक्ति ड्रिप पर चल रहा था। इसके अलावा अन्य की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
शारदीय नवरात्र में सप्तमी के दिन रविवार को रात करीब पौने नौ बजे एकता क्लब दुर्गा पंडाल में अग्निकांड हुआ
मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र, डीएम गौरांग राठी और एसपी डा. अनिल कुमार सूर्या ट्रामा पहुंचकर भर्ती लोगों का हाल जाना। साथ ही बेहतर इलाज के लिए निर्देशित किया। शारदीय नवरात्र में सप्तमी के दिन रविवार को पौने नौ बजे एकता क्लब दुर्गा पंडाल में जो हुआ, उसे सुनकर लोगों के राेंगेटे खड़े हो जाते हैं। भीषण अग्निकांड में 73 श्रद्धालु गंभीर रुप से झुलस गए।
इसमें औराई ट्रामा सेंटर में 14, बीएचयू में 18, बीएचयू ट्रामा संटर में 18, दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल वाराणसी में चार, जीवन दीप भदोही में 15, आनंन अस्पताल औराई में एक और प्रयागराज में चार लोगों को भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के मोबाइल फोन पर ग्रुप में भेजे गए रिपोर्ट के अनुसार बीएचयू में भर्ती 12 लोगों की स्थिति गंभीर हैं। यह लोग 80 से 90 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं। एक का दो दिन से भोजन पानी बंद है। वह ड्रिप पर चल रहा है। अब तक मुख्य यजमान सहित छह लोगों की मौत हो चुकी है। मंडलायुक्त, डीएम और एसपी अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। साथ ही हर किसी से आर्थिक सहयोग की अपील की।
जिलाधिकारी ने सभी सातों अस्पताल में मजिस्ट्रेट की तैनाती की है
जिलाधिकारी ने सभी सातों अस्पताल में मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। वह भर्ती लोगों पर लगातार नजर रखे हुए हैं ताकि इलाज में किसी भी तरह की दिक्कत न हो। सीएमओ डा. संतोष कुमार चक का कहना है कि बीएचयू में भर्ती एक को ड्रिप लगी है। इसके अलावा अन्य की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।
प्राइवेट अस्पतालों को दिया 10 लाख
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो इसलिए 10 लाख रुपये पहली किस्त जारी की है। इसके साथ ही इस विपत्ति की घड़ी में लोगों से आर्थिक सहयोग देने की अपील की गई। डीएम की अपील पर स्वयं डीएम, सीएमओ, एसपी व अन्य अधिकारियों ने अपना एक सप्ताह का वेतन सहायता राशि देने की घोषणा की है। कहा है कि सहायता राशि देने के लिए रेड क्रास सोसाइटी के सचिव राजेंद्र प्रसाद जायसवाल के मोबाइल फोन नंबर 9415206632 पर संपर्क किया जा सकता है।