घरेलू गैस मूल्य वृद्धि के विरोध में निकाला सिलेंडर का शव यात्रा
घरेलू ईंधन गैस मूल्य वृद्धि के खिलाफ सर्वदलीय मोर्चा ने मंगलवार को आवाज बुलंद करते हुए सिलेंडर की शव यात्रा निकाली तथा तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन कर सरकार के नीतियों की आलोचना की गई। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार रामजी को सौंपा गया। इस दौरान शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
जागरण संवाददाता, भदोही: घरेलू ईंधन गैस मूल्य वृद्धि के खिलाफ सर्वदलीय मोर्चा ने मंगलवार को आवाज बुलंद करते हुए सिलेंडर की शव यात्रा निकाली तथा तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर सरकार के नीतियों की आलोचना की गई। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार रामजी को सौंपा गया। इस दौरान शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
घरेलू गैस व सिलेंडर की बढ़ी कीमतों को लेकर सर्वदलीय मोर्चा पिछले कई दिनों से बैठक पर रणनीति बना रहा था। इस क्रम में मंगलवार को कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, अखिल भारतीय किसान सभा, आम आदमी पार्टी, एलजेडी सहित अन्य संगठनों के लोग अजीमुल्लाह चौराहे पर जुटने लगे थे। इस दौरान नारेबाजी करते हुए गैस सिलेंडर की शव यात्रा निकाली गई, जो अजीमुल्लाह चौराहे से गजिया होते हुए रजपुरा स्थित तहसील पहुंची। इस दौरान परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीलम मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से जनता त्रस्त हो चुकी है। वर्ष 2014 में 450 रुपये में गैस आ जाता था जो भाजपा शासन में एक हजार से ऊपर जा पहुंचा। जनता भाजपा से तंग आ चुकी है तथा आगामी लोकसभा चुनाव में इनका पूर्णतया सफाया होगा।
अभाकिस के जिला मंत्री किसान नेता इंद्रदेव पाल ने ईधन गैस मूल्य वृद्धि तत्काल वापस लेने की मांग की। इस सरकार में गरीबों का जीना दूभर हो गया है। भाकपा (माले) के जिला सचिव रामजीत यादव ने कहा कि गैस मूल्य वृद्धि वापस नही किया गया तो बड़ा आंदोलन छोड़ा जाएगा। आप जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि ईधन गैस मूल्य वृद्धि गरीब, मजदूर, गृहणियों के लिए भारी कष्टदायक है। कांग्रेसी नेता मिठाइलाल दुबे, मुशीर इकबाल, एलजेडी जिलाध्यक्ष सर्वेश राय आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर कामरेड इजहार खां, सादिक अंसारी, कमर मलिक, संजीव दुबे, करमचंद ¨बद, निजामुद्दीन मंसूरी आदि थे।