सीडीओ के निरीक्षण में बदहाल मिली विद्यालय की व्यवस्था
परिषदीय प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की मनमानी थम नहीं रही है। सोमवार को औचक निरीक्षण पर निकले मुख्य विकास अधिकारी विवेक त्रिपाठी को डीघ ब्लाक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय नवधन की व्यवस्था बदहाल मिली। प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाते हुए वेतन रोकने की कार्रवाई की।
जागरण संवाददाता, ऊंज (भदोही) : परिषदीय प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की मनमानी थम नहीं रही। सोमवार को औचक निरीक्षण पर निकले मुख्य विकास अधिकारी विवेक त्रिपाठी को डीघ ब्लाक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय नवधन की व्यवस्था बदहाल मिली। प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाते हुए वेतन रोकने की कार्रवाई की।
सीडीओ को विद्यालय में बनाए जा रहे मध्याह्न भोजन में ब्रांडेड तेल, मसाला का उपयोग होता नहीं मिला तो पुस्तकालय की किताबें नहीं क्रय की गई थी। खेल सामग्री को पैक करके ही रखा गया था, जिसे बच्चों को नहीं दिया जाता था। एसएमसी रजिस्टर नहीं मिला तो शौचालय में गंदगी से पटा मिला। बच्चों की उपस्थिति संख्या भी 97 के सापेक्ष मात्र 24 मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई व प्रधानाध्यापक सतीशचंद यादव का वेतन रोकने का निर्देश दिया। गणित शिक्षक श्रीप्रकाश मिश्र को शिक्षण कार्य की गुणवत्ता बढ़ाने को कहा। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय नौधन में पहुंचने पर 156 से सापेक्ष 61 बच्चे मिले। भोजन बन रहा था। हैंडपंप के पास गंदगी देख नाराजगी जताई। सभी शिक्षकों को शिक्षण कार्य की गुणवत्ता व बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने का निर्देश दिया। उनके साथ बीएसए अमित कुमार सिंह व सर्व शिक्षा के जिला समन्वयक आरके सिंह भी थे।