सुबह ठंड ने कंपाया, दोपहर धूप ने पहुंचाई राहत
कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड व गलन ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार को सुबह की बर्फीली हवा से बढ़ी ठंड ने लोगों को हिलाकर रख दिया तो दिन में हुई हल्की धूप ने थोड़ा राहत देने का काम किया। सुबह-शाम ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेने को विवश हैं।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड व गलन ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार को सुबह की बर्फीली हवा से बढ़ी ठंड ने लोगों को हिलाकर रख दिया तो दिन में हुई हल्की धूप ने थोड़ा राहत देने का काम किया। सुबह-शाम ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेने को विवश हैं। इसके साथ गरीब परिवारों की समस्या भी बढ़ती जा रही है।
सामान्य हो रहे मौसम के बीच जनवरी के दूसरे सप्ताह से अचानक फिर से ठंड व गलन बढ़ गई। एक ओर जहां घना कोहरा पड़ रहा है, वहीं बर्फीली पछुआ हवा ठंड में दिन-रात इजाफा हो रहा है। ठंड व गलन के चलते सामान्य जन जीवन प्रभावित होने लगा है। लोगों की दिनचर्या जहां बदल चुकी है। सुबह उठ जाने वाले लोग जहां काफी देर तक बिस्तर में ही दुबके रह जा रहे हैं। उधर ठंड व गलन ने लोगों के काम-काज पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। मजदूरी पेशा लोग काम करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री तो रात का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां से मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि हवा की दिखा बदलकर पुरवा होने के आसार बन रहे हैं। हालांकि गलन जैसी स्थिति बनी रहेगी।