कोहरे संग बर्फीली हवा ने कंपाया, जनमानस बेहाल
-- मौसम - राहत पाने को सुबह व शाम अलाव बन रहा सहारा - कोहरे से थमी वाहनों की रफ्तार
-- मौसम
- राहत पाने को सुबह व शाम अलाव बन रहा सहारा
- कोहरे से थमी वाहनों की रफ्तार, काम-काज प्रभावित
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड व गलन ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। को सुबह छाए रहे घने कोहरे के साथ बर्फीली हवाओं ने लोगों को हिलाकर रख दिया। सुबह-शाम ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेने को विवश हैं। कम काज प्रभावित होने के चलते मजदूरी पेशा के जरिए लोग कमाने-खाने वाले गरीब परिवारों की समस्या भी बढ़ती जा रही है।
सामान्य हो रहे मौसम के बीच जनवरी के दूसरे सप्ताह से अचानक फिर से ठंड व गलन बढ़ गई। एक ओर जहां घना कोहरा पड़ रहा है, वहीं बर्फीली पछुआ हवा ठंड में दिन-रात इजाफा हो रहा है। ठंड व गलन के चलते सामान्य जन जीवन प्रभावित होने लगा है। लोगों की दिनचर्या जहां बदल चुकी है। सुबह उठ जाने वाले लोग जहां काफी देर तक बिस्तर में ही दुबके रह जा रहे हैं। उधर ठंड व गलन ने लोगों के काम-काज पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। मजदूरी पेशा लोग काम करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। सोमवार को सुबह छाए कोहरे की स्थिति यह रही कि लोगों को चंद कदम आगे दिखाई पड़ना बंद हो गया। चाहे राजमार्ग रहा हो या फिर अन्य सड़कें सभी पर वाहनों की रफ्तार थमी रही।