सागर रायपुर माडल स्कूल में संचालित होगा केंद्रीय विद्यालय
कालीन नगरी को शिक्षा के क्षेत्र में एक और ताज जुड़ गया। सब कुछ ठीक रहा तो सागररायपुर मॉडल स्कूल में अस्थायी रूप से केंद्री विद्यालय का संचालन शुरू हो जाएगा। इस विद्यालय में इसी शिक्षा सत्र से कक्षा एक से पांच तक की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इसके लिए प्रवेश की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जागरण संवाददाता,ज्ञानपुर (भदोही) : कालीन नगरी को शिक्षा के क्षेत्र में एक और ताज जुड़ गया। सब कुछ ठीक रहा तो सागर रायपुर मॉडल स्कूल में अस्थाई रूप से केंद्रीय विद्यालय का संचालन शुरू हो जाएगा। इसमें इसी सत्र से एक से पांच तक की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इसके लिए प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। चार मार्च को सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त इसका शुभारंभ करेंगे।
काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर में कृषि संकाय, वेटनरी महाविद्यालय के बाद शिक्षा के क्षेत्र में यह नई उपलब्धि मिली है। केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अभी अस्थायी रूप से सागर रायपुर माडल स्कूल में केंद्रीय विद्यालय का संचालन किया जाएगा। इसी शिक्षा सत्र में कक्षा एक से पांच तक के छात्रों का प्रवेश लिया जाएगा। इसके बाद अगले शिक्षा सत्र से एक-एक कक्षाएं बढ़ती रहेंगी। उन्होंने बताया कि चार मार्च को केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद विरेंद्र सिंह मस्त करेंगे। बताया कि स्थायी केंद्रीय विद्यालय के लिए पिपरिस में पांच एकड़ से अधिक भूमि अधिग्रहित कर ली गई है। शीघ्र ही भवन निर्माण का भी कार्य शुरू हो जाएगा।