दो गुटों में हुई मारपीट में दस घायल, आगजनी
क्षेत्र के विश्वंभरपट्टी में मंगलवार को दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्ष से दस लोग घायल हो गए। आक्रोशित एक पक्ष के लोगों ने दरवाजे पर रखा मड़हा और दुकान को आग के हवाले कर दिया।
जागरण संवाददाता, गोपीगंज (भदोही): क्षेत्र के विश्वंभरपट्टी में मंगलवार को दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्ष से दस लोग घायल हो गए। आक्रोशित एक पक्ष के लोगों ने दरवाजे पर रखा मड़हा और दुकान को आग के हवाले कर दिया। जानकारी होते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गोपीगंज थाना क्षेत्र के विश्वंभर पट्टी के बुधिराम बिद आदि ने हैंडपंप लगवाने के लिए पैसा इकट्ठा कर पड़ोस के ही बीडीसी शैलेंद्र बिद को दिया था। चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद सोमवार को बुधिराम ने हैंडपंप लगवाने के लिए बीडीसी से कहने उसके घर गए थे। दोनों के बीच बातचीत होते-होते मारपीट में तब्दील हो गई। इस दौरान कमला देवी, लालती देवी और शैलेंद्र घायल हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। इसी बात को लेकर मंगलवार को भी बुधिराम और बीडीसी के परिवार के कड़ेदीन आदि आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले। जिससे एक पक्ष से बुधिराम बिद, बबलू बिद, रविशंकर, शिवशंकर और दूसरे पक्ष से बेबी, सुनील, प्रियंका घायल हो गई। आक्रोशित लोगों ने बुधिराम के मड़हा और दुकान में आग लगा दी। पुलिस दोनों पक्ष से तहरीर लेकर कार्रवाई में जुटी हुई है।