भाजपा और महागठबंधन सहित छह प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
लोकसभा सामान्य निर्वाचन के छठवें चरण में होने वाले चुनाव के लिए नामांकन के पांचवें दिन शनिवार को बसपा-सपा गठबंधन से पूर्व माध्यमिक शिक्षा मंत्री रंगनाथ मिश्र और भाजपा से रमेशचंद बिद सहित छह उम्मीदवारों ने जिलाधिकारी के कोर्ट बने नामांकन कक्षों में पर्चा भरा।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : लोकसभा सामान्य निर्वाचन के छठवें चरण में होने वाले चुनाव के लिए नामांकन के पांचवें दिन शनिवार को बसपा-सपा गठबंधन से पूर्व माध्यमिक शिक्षा मंत्री रंगनाथ मिश्र और भाजपा से रमेशचंद बिद सहित छह उम्मीदवारों ने जिलाधिकारी के कोर्ट बने नामांकन कक्षों में पर्चा भरा। इसके साथ ही पांच नाम निर्देशन पत्र लिए गए। इस बीच कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए थे। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और पुलिस अधीक्षक राजेश एस लगातार सुरक्षा व्यवस्था की मॉनीटरिग करते रहे।
भदोही लोकसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पांचवें दिन कलेक्ट्रेट परिसर गहमागहमी की स्थिति बनी रही। दोपहर करीब एक बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर भाजपा से रमेशचंद बिद ने नामांकन किया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक, भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी, दीनानाथ भाष्कर आदि थे। नामांकन के बाद जोरई स्थित जिला कार्यालय पर पहुंचकर जनसभा को संबोधित किया। इसके पश्चात बसपा-सपा गठबंधन से पूर्व माध्यमिक शिक्षा मंत्री रंगनाथ मिश्र सिंहपुर गांव से ही भारी संख्या में अपने समर्थकों के साथ पैदल ही चलकर मुख्यालय पहुंचे और ठीक शुभ मुहूर्त पर सहायक रिटर्निंग अफसर कविता मीना के हाथों में चार सेटों में पर्चा दाखिल की। इसके पश्चात पार्टी कार्यालय पहुंचकर जनसभा को भी संबोधित किया। उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष आरिफ सिद्दीकी, बसपा अध्यक्ष राजेश गौतम, पूर्व मंत्री रामरती बिद, ओम प्रकाश यादव, मोनिका यादव आदि थीं। इसी क्रम में हिदुस्थान निर्माण दल से विनोद, भारतीय जन प्रगति दल से अतुल कुमार राय, भारत माता सपूत पार्टी से सतीष बहादुर, स्वर्ण भारत पार्टी से रविकात आदि ने नामांकन किया। दो दलों के दिग्गजों के नामांकन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे थे। कार्यक्रम स्थलों पर वीडियो मोबाइल टीम के साथ सहायक व्यय प्रेक्षक पूरी मुस्तैदी से वीडियो बनाते रहे।