महराजगंज बाजार में बवाल, दरोगा सहित सात घायल
दो दिन पूर्व पैसे को लेन-देन को लेकर हुए मामूली विवाद ने शनिवार को बवाल में बदल गया। सोनकर और अग्रहरी समाज के बीच जमकर पथराव हुए। इस दौरान जहां गई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए तो सात लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही पहुंची डायल-100 की टीम पर भी हमला बोल दिया गया।
जागरण संवाददाता, महराजगंज (भदोही) : दो दिन पूर्व पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ मामूली विवाद शनिवार को बवाल में बदल गया। सोनकर और अग्रहरी समाज के बीच जमकर पथराव हुआ। इस दौरान जहां कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए तो सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही पहुंची डायल-100 की टीम पर भी हमला बोल दिया गया। इससे गुरुज्ञान चंद्र पटेल नामक एसआइ भी घायल हो गए। मौके की नजाकत भांपते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया गया। पुलिस बल को देख पथराव करने वाले भाग खड़े हुए। पुलिस अधीक्षक राजेश एस और अपर पुलिस अधीक्षक डा. संजय कुमार ने घटना स्थल का जायजा लिया और उपद्रव करने वालों से सख्ती से निबटने का निर्देश दिया।
औराई थाना क्षेत्र के महराजगंज बाजार में नखड़ू अग्रहरी और मानू जायसवाल के बीच एक नवंबर की रात पैसे के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई थी। मामला गरमाते देख मानू जायसवाल ने अपने साथी बादल सोनकर को फोन कर बुला लिया। इस बीच दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। दूसरे दिन शुक्रवार को कोतवाली औराई में दोनों पक्ष के लोगों को बुलाया गया लेकिन विवाद का कोई हल नहीं निकल पाया था। आरोप है कि शुक्रवार की रात में ही सोनकर बस्ती के लोगों ने पथराव किया था। इसी बात को लेकर मामला गरमाया रहा। शनिवार को सुबह एक बार फिर सोनकर बस्ती के लोगों ने अग्रहरी बस्ती पर हमला बोल दिया। इस बीच दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। पथराव में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। देखते ही देखते पूरा बाजार बंद हो गया। इस दौरान बेवी, सुजाता, मोहित, संतोष अग्रहरी, कपिल, गुलाब अग्रहरी और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी ने इसकी जानकारी डायल-100 को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने हमला बोल दिया। बवाल को देखते हुए स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी बुला ली गई। फोर्स को देखते ही उपद्रवी भाग खड़े हुए। प्रभारी निरीक्षक सुनीलदत्त दुबे ने बताया कि जिसके बीच विवाद था वे समझौता कर घर चल गए थे। इसमें एक तीसरे पक्ष के लोगों ने सुबह पथराव कर दिया। इस मामले में दरोगा के तहरीर पर छह नामजद और सौ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।