रैली निकालकर उठाई हक की आवाज
समाज सुधारक सेवा संघ के तत्वावधान में विश्वहित राष्ट्रीय मिशन व्यक्तिगत आजादी बनाम भ्रष्टाचार के तहत शनिवार को ज्ञानपुर नगर में जन जागरण रैली निकाली गई।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : समाज सुधारक सेवा संघ के तत्वावधान में विश्वहित राष्ट्रीय मिशन व्यक्तिगत आजादी बनाम भ्रष्टाचार के तहत शनिवार को ज्ञानपुर नगर में जन जागरण रैली निकाली गई। रैली में शामिल बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नगर का भ्रमण कर कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां जिलाधिकारी को मांगों संबंधी पत्रक सौंपा गया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फूलदेई के नेतृत्व में झंडे-बैनर के साथ सरई रजपुतानी से रैली निकालकर लोग ज्ञानपुर नगर होते हुए मुख्यालय पहुंचे। रैली में शामिल लोग विभिन्न नारे लगाते चल रहे थे। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को नहीं मिल पा रहा है। गरीबों का हक अपात्र ले रहे हैं। इससे वास्तविक गरीब परिवार परेशान हैं। वक्ताओ ने कहा कि हक के लिए आवाज उठाने पर गरीबों को प्रताड़ित भी किया जा रहा है। इस दौरान समतामूलक समाज के लिए गरीबों को उनका हक दिलाने की वकालत की गई। रैली में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल रहे।