पत्नी के लिए कंगन खरीदने बाजार गए पति की सड़क हादसे में मौत
भदोही-चौरी मार्ग स्थित बड़ी बाग के पास गुरुवार की शाम हुए सड़क हादसे में रामरायपुर निवासी सुभाष जायसवाल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। आनन फानन में उसे लेकर लोग सीएचसी पहुंचे लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया था। स्कूटी सवार सुभाष किस वाहन से भिड़ा यह स्पष्ट नहीं हो सका। आसपास के लोग बाइक से आमने सामने भिड़ंत होने की आशंका जताते हुए बताते हैं कि सिर के बल गिरने के कारण सुभाष को गंभीर चोटें आई थीं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
जासं, भदोही : भदोही-चौरी मार्ग स्थित बड़ी बाग के पास गुरुवार को पत्नी के लिए कंगन खरीदने निकले सुभाष जायसवाल सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।पवित्र पर्व करवा चौथ के दिन एक तरफ व्रत रहकर दीर्घायु के लिए पत्नी पूजा पाठ में जुटी थी तो दूसरी ओर पति का शव घर पर पहुंचा तो खुशी मातम में बदल गई। गांव निवासी सुभाष जायसवाल पत्नी को गिफ्ट करने लिए बाजार में कंगन और पूजा का सामान खरीदने निकला था। बड़ी बाग के पास दो पहिया वाहन से भिड़ंत होने के बाद उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मृतक आवास पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ठीक करवा चौथ के दिन हुई सुभाष की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी सहित दोनों पुत्र व तीनों पुत्रियों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
-
पहने होते हेलमेट तो बच जाती जिदगी
करवा चौथ के दिन पत्नी हाथों में मेंहदी रचाकर अपने चांद का दीदार करने के लिए बेताब थी। कलाइयों में खूबसूरत कंगन तो मांग में दमकता सिदूर। महमह करते परिधान चांद निकलने के इंतजार में थे। उन्हे क्या पता था कि जिस चांद के दीदार करने के लिए सज-संवर कर इंतजार कर रही हैं वह अब सदा के लिए बादलों में छिप जाएगा। चांद सदा के लिए उससे इतना दूर हो जाएगा कि कई जन्म जन्मांतर तक दीदार नहीं हो पाएगा। यह सब कुछ केवल तनिक सी लापरवाही पर हुई। यदि सुभाष हेलमेट लगाए होते तो उनकी जिदगी बच जाती। सड़क पर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। एक हल्की चूक ने बच्चों के अनाथ कर दिया तो सुहाग उजाड़ दी।