बिहार जा रहे 340 लोगों को रोका, भदोही में रहेंगे क्वारंटाइन
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जहां हैं वहीं रोके जाने का फरमान जारी होते ही पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गई है। बुधवार को ट्रकों से बिहार और झारखंड जा रहे 340 लोगों को रोक लिया गया है। इसके साथ ही नेशनल इंटर कालेज भदोही शेल्टर हाउस ज्ञानपुर और
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जहां हैं वहीं रोके जाने का फरमान जारी होते ही पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गई है। बुधवार को ट्रकों से बिहार और झारखंड जा रहे 340 लोगों को रोक लिया गया है। इसके साथ ही नेशनल इंटर कालेज भदोही, शेल्टर हाउस ज्ञानपुर और काशीराज इंटर कालेज औराई, पूर्व माध्यमिक विद्यालय घोसिया स्थित अस्थायी आश्रय स्थल में क्वारंटाइन पर रखा गया है। इसके पूर्व चिकित्सकों की टीम से उनकी थर्मल स्क्रीनिग भी कराई। प्रशासन की ओर से भोजन, नाश्ता आदि का भी प्रबंध किया गया।
लॉकडाउन के शुरूआती दौर में तो सब कुछ ठीक रहा लेकिन दिल्ली, नोयडा, हरियाणा आदि प्रांतों में अफवाह फैलने से बड़ी संख्या में लोग पलायन करने लगे। मुख्यमंत्री ने फरमान जारी करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि जहां हैं वहीं पर रोक लिया जाए। पुलिस क्षेत्राधिकारी कालू सिंह ने दो ट्रकों से झारखंड जा रहे सैकड़ा से अधिक लोगों को रोक लिया। इसमें से 71 को ज्ञानपुर शेल्टर हाउस और 92 को नेशल इंटर कालेज भदोही में रखा गया है। चिकित्सकीय टीम ने आश्रय स्थल में रखे गए लोगों की स्क्रीनिग की। तहसीलदार ज्ञानपुर देवेंद्र यादव ने रुके हुए लोगों को भोजन आदि का प्रबंध किया।
भदोही प्रतिनिधि के अनुसार: अन्य प्रांतों से आने वाले लोगों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नेशनल कालेज में स्थापित शेल्टर होम में बुधवार को 92 लोगों को रखा गया। इसके पहले भी यहां 41 लोगों को रखा गया था। एसडीएम आशीष मिश्रा का कहना है ज्ञानपुर का शेल्टर हाउस में जगह न होने के कारण भदोही लाया गया है। बताया कि सभी की थर्मल स्क्रीनिग कराने के बाद विद्यालय में दो अन्य हाल खुलवा कर ठहराया गया है।
औराई प्रतिनिधि के अनुसार: हाइवे पर अलग-अलग वाहनों से जा रहे लोगों को पुलिस-प्रशासन रोक लिया। काशीराज इंटर कालेज और घोसिया स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कुल 240 लोगों को रखा गया है। उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर ने बताया कि रोके गए लोगों को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया है। उनकी थर्मल स्क्रीनिग भी कराई गई है।