धान खरीद ठप, लौट रहे किसान
किसानों की सुविधा के लिए चौरी क्षेत्र में स्थापित किए गए धान क्रय केंद्र वेदमनपुर व बरवां में खरीदारी बंद होने से किसानों को भारी दिक्कत हो रही है। उन्हें केंद्र से निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
जागरण संवाददाता, चौरी (भदोही) : किसानों की सुविधा के लिए चौरी क्षेत्र में स्थापित किए गए धान क्रय केंद्र वेदमनपुर व बरवां में खरीदारी बंद होने से किसानों को भारी दिक्कत हो रही है। उन्हें केंद्र से निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (पीसीएफ) के अंतर्गत वेदमनपुर व बरवां में धान क्रय केंद्र स्थापित किया गया है। बताते हैं कि तीन दिन से वेबसाइट बंद होने से किसान काफी परेशान हैं। एक ओर जहां उनके धान की खरीदारी नहीं हो पा रही है। इसी तरह किसानों की धान उपज के मूल्य का भी भुगतान नहीं हो पा रहा है। वेदमनपुर के सचिव कमला प्रसाद शुक्ला ने बताया पीसीएफ के धान क्रय केंद्र का वेबसाइट तीन दिन से बंद है, इससे खरीदारी नहीं हो पा रही है। बताया कि केंद्र पर 4000 क्विटल धान खरीद का लक्ष्य तय था। इसके सापेक्ष 5238 क्विटल धान की खरीदारी हो चुकी है। 40 लाख रुपये मिले थे जो किसानों को दिया जा चुका है। अभी 52 लाख रुपये और आएगा तभी सभी किसानों के धान मूल्य का भुगतान हो पाएगा।