रामलीला मंचन देख दर्शकों ने लगाए जयकारे
जागरण संवाददाता औराई (भदोही) कोरोना वायरस संक्रमण के बीच कई स्थानों पर रामलीला का
जागरण संवाददाता, औराई (भदोही) : कोरोना वायरस संक्रमण के बीच कई स्थानों पर रामलीला का मंचन किया गया। कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन कराते हुए आयोजन में जुटे दर्शक जयश्री राम के जयकारे लगाते रहे।
औराई प्रतिनिधि के अनुसार : औराई ब्लाक क्षेत्र के कैयरमऊ गांव में चल रही रामलीला में बुधवार की रात दशरथ मरण, राम-भरत मिलन सहित अन्य लीलाओं का मंचन किया गया। श्रीराम सहित मां जानकी व लक्ष्मण के वन के लिए प्रस्थान करने के वियोग में राजा दशरथ प्राण त्याग देते हैं। जानकारी पर भरत, राम को वापस लाने के लिए चित्रकूट प्रस्थान करते हैं। यहां दोनों भाईयों का मिलन होता है। राम के न लौटने पर वहां से वह श्रीराम का खड़ाऊ लेकर अयोध्या वापस आते हैं। मंचन का समापन हो जाता है। अध्यक्ष अजय मिश्र, अश्विनी मिश्र आदि व्यवस्था में लगे रहे।
खमरिया प्रतिनिधि के अनुसार : क्षेत्र के अमीरपट्टी में हुए मंचन में सीताहरण के बाद मां जानकी की तलाश में निकले प्रभु श्रीराम पंपापुर सुग्रीव के यहां पहुंचते हैं और उनसे मदद मांगते हैं। सुग्रीव हनुमान, नल, नील, अंगद, जामवंत जैसे योद्धाओं को सीता की खोज में लगाते हैं। हनुमान समुद्र लांघकर लंका पहुंच जाते हैं, जहां मां सीता का पता लगाने के बाद अक्षय कुमार का वध करने के साथ लंका में आग लगा देते हैं। यहीं मंचन का समापन हो जाता है।