कोरोना से सहमें, मगर शारीरिक दूरी में कोताही
कोरोना वायरस की भयावहता को लोग समझ नहीं पा रहे हैं। देश में संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है। वायरस के चेन को तोड़ने के लिए पूरे देश को एक साथ लॉकडाउन किया गया है।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : कोरोना वायरस की भयावहता को लोग समझ नहीं पा रहे हैं। देश में संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है। वायरस के चेन को तोड़ने के लिए पूरे देश को एक साथ लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाउन तोड़ने वालों के लिए सरकार ने कानून भी बनाया है। लोग नहीं मान रहे हैं। कोरोना से लोग भयभीत हैं फिर भी सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। प्रशासन की मनाही के बाद भी लोग घरों से निकल कर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। बार-बार हिदायत के बाद भी वह मनमानी पर उतर हैं। पता नहीं है कि एक लापरवाही के चलते कई घर तबाह हो जाएंगे।
संक्रमण को रोकने के लिए 25 मार्च से 14 अप्रैल तक पूरे देश को लॉकडाउन कर दिया गया है। धारा-144 भी प्रभावी कर दिया गया है। हिदायत दी गई है कि पांच से अधिक लोगों की भीड़ लगाने से मनाही की गई है। आवश्यक वस्तुओं को लेने के लिए भी यदि दुकानों पर जाएं तो एक मीटर दूरी का पालन जरूर करें। तमाम कोशिश के बाद भी बैंक और दुकानों पर कड़ाई से पालन नहीं हो पा रहा है। ज्ञानपुर सब्जी मंडी में तो पूरी भीड़ लगी रहती है। दो दिनों तक सीओ ज्ञानपुर द्वारा चेतावनी के देने के बाद दो दिनों तक उसका असर देखा गया लेकिन बुधवार को फिर सुबह सब्जी लेने वालों की भीड़ लगी रही। इसके साथ ही अधिसंख्य बैंकों पर भी भीड़ देखने को मिल रही है।
-
रहें सतर्क और करें लॉकडाउन का पालन
डीएम राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि खुद को लेकर लोगों को सतर्क रहना चाहिए। लॉकडाउन का पालन करना चाहिए। किसी एक व्यक्ति की छोटी लापरवाही खतरनाक साबित हो सकता है। महामारी को रोकने के लिए खुद को सतर्क रहना सबसे जरूरी है। हाथ धोते रहना चाहिए। एक मीटर की दूर बनाए रखा जाए। महामारी को सतर्कता और जागरूकता से ही रोका जा सकता है।