महानगरों से आने वाले प्रवासी होंगे क्वारंटाइन, बढ़ी परेशानी
महाराष्ट्र और केरल में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन की ओर से एडवाइजरी जारी कर दी गई है।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : महाराष्ट्र और केरल में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन की ओर से एडवाइजरी जारी कर दी गई है। अब महानगरों से जिले में आने वाले प्रवासियों को क्वारंटाइन होना पड़ेगा। इसके लिए भदोही नगर में स्थित एल-2 अस्पताल को चिन्हित किया गया है। जांच के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। निगेटिव रिपोर्ट आने पर भी एक सप्ताह क्वारंटीन होना पड़ेगा।
वैश्विक महामारी को देखते हुए मार्च 2020 लाकडाउन घोषित कर दिया गया था। भूखे-प्यासे प्रवासी अपने घर लौटने में ही भलाई समझी। ट्रक, बस, बाइक व पैदल जिसे जैसे समझ में आया वैसे ही अपने निवास के लिए निकल पड़ा था। अनलाक होने के बाद लोग किसी नी किसी माध्यम से रोजगार के लिए महानगरों के लिए रवाना हो गए। महाराष्ट्र और केरल में एक बार फिर संक्रमण फैलने लगा है। इसको देखते हुए प्रदेश सरकार सतर्क हो गई है। जनपद में आने वाले प्रवासियों के लिए गाइडलाइन जारी कर दी गई है। जिला सर्विलांस अधिकारी अमित दुबे ने बताया कि प्रवासियों को क्वारंटाइन किए जाने का शासन का निर्देश आया है। अभी होम क्वारंटाइन के संबंध में स्पष्ट दिशा निर्देश नहीं आया है। तब तक के लिए भदोही में बने एल-2 अस्पताल में इंतजाम किया गया है। थर्मल स्क्रीनिग में संदिग्ध मिलने वाले प्रवासियों को क्वारंटाइन किया जाएगा।