विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भदोही में 50 हजार रुपये दहेज के लिए विवाहिता को शौचालय में किया बंद, लगाया बाहर से ताला

By Jitendra Upadhyay Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 02 Oct 2026 11:30 AM (IST)

भदोही में दहेज उत्पीड़न के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जहाँ एक महिला को शौचालय में बंद कर पीटा ...और पढ़ें

भदोही में दहेज उत्पीड़न के दो मामले सामने आए, महिलाओं को मिली प्रताड़ना। (AI Image)

भदोही में दहेज उत्पीड़न के दो मामले सामने आए, महिलाओं को मिली प्रताड़ना। (AI Image)

HighLights

  1. शबनम को दहेज के लिए शौचालय में बंद कर पीटा गया।

  2. रूबीना को 5 लाख रुपये की मांग पर घर से निकाला।

  3. भदोही पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, भदोही। नगर के छेड़ीवीर रोशनतारा मुहल्ला निवासी शबनम की तहरीर पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न में ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि उसके ससुर व जेठ ने उसके सारे गहने छीन लिए। घर 50 हजार रुपये लाने के लिए उसका उत्पीड़न करने लगे।

27 सितंबर को वह शौच के लिए गई तो शौचालय का बाहर से ताला बंद कर दिया। इससे वह काफी देर तक उसमें बंद रही। काफी देर तक दरवाजा पीटने पर ताला खोला लेकिन बाहर आते ही उसे काफी पीटा गया। रजपुरा पुलिस चौकी में उसने प्रार्थना पत्र दिया लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनीं। एसपी के निर्देश पर कोतवाली में ससुर बुनियाद, जेठ इलियास, नन्हकू, जेठानी सना, व रेहाना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

महिला ने कहा कि उसका मायका इसी मुहल्ले में है। शादी के बाद से ही परिवार के लोग उसे प्रताड़ित करते हैं। उसे खाना नहीं देते, शादी में मिले सारे गहने छीन लिए। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। कहा कि पति काम के सिलसिले मे बाहर हैं। यहां इनके व्यवहार से डर लगता है। प्रभारी निरीक्षक शैलेष कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

उधर नगर के जमुंद मोहल्ला निवासी रूबीना ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसकी शादी 15 जुलाई 2023 में गुजरात के अहमदाबाद निवासी यासीन के साथ हुई थी। भाई व पिता नहीं है लेकिन उसकी मां ने मेहनत मजदूरी कर जुटाए गए रुपये व कर्ज लेकर उपहार स्वरूप लाखों का सामान दिया था। बावजूद इसके ससुराल वाले दहेज का ताना मारते थे। इस बीच दो बेटियों का जन्म हुआ।

बेटियों के जन्म के बाद ससुराल वालों का उत्पीड़न बढ़ गया और एक दिन उसे भदोही आने वाली ट्रेन में जबरदस्ती बैठा दिया गया। आरोप है कि उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि पांच लाख रुपये लेकर नहीं आओगी तो जान से मार देंगे। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर पति यासीन और सास सकीला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।