छत की कुंडी में फांसी लगा विवाहिता ने दी जान
क्षेत्र के बढ़ौना गांव में दुपट्टा के सहारे छत की कुंडी में फांसी लगाकर रंजना देवी (2
जासं, खमरिया (भदोही) : औराई क्षेत्र के बढ़ौना गांव में दुपट्टा के सहारे छत की कुंडी में फांसी लगाकर रंजना देवी (28) ने जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति सहित सास और जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
औराई थाना क्षेत्र के चकापुर निवासी दुर्गाशंकर चौबे अपनी पुत्री रंजना की शादी वर्ष 2010 में बढ़ौना के धर्मेंद्र उर्फ बच्चन तिवारी के साथ की थी। मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज की मांग करते रहे हैं। उसके दामाद धर्मेंद्र आए दिन दहेज में एक लाख नगद की मांग कर रहे थे। इसको लेकर उसकी पुत्री रंजना को आए दिन मारपीट कर प्रताड़ित करते रहे। मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोग उसकी हत्या कर शव को छत की कुंडी में लटका दिया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। प्रभारी निरीक्षक के.के सिंह ने बताया कि मामले में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप