बर्फीली हवाओं ने कंपाया, ठंड से एक की मौत
बदले मौसम के मिजाज से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बुधवार को सुबह कोहरे के बीच बर्फीली ठंड लोगों को हिलाकर रख दिया तो दिन में हुई हल्की धूप ने सहलाने काम किया। विशेषकर सुबह-शाम पड़ने लगी कड़ाके की ठंड से जन-जीवन प्रभावित हो गया है।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : बदले मौसम के मिजाज से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बुधवार को सुबह कोहरे के बीच बर्फीली ठंड लोगों को हिलाकर रख दिया तो दिन में हुई हल्की धूप ने सहलाने काम किया। विशेषकर सुबह-शाम पड़ने लगी कड़ाके की ठंड से जन-जीवन प्रभावित हो गया है। इसी के साथ गरीब व असहाय परिवारों की समस्या भी बढ़ती जा रही है। ठंड व गलन जानलेवा भी बनती जा रही है। ठंड लगने से गोपीगंज नगर निवासी दिलीप गुप्ता (46) की मौत हो गई।
जम्मू कश्मीर में आए पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते मंगलवार की रात हुई हल्की बूंदा-बांदी से ठंड व गलन में इजाफा हो चुका है। बुधवार को धूप तो हुई लेकिन सर्द हवा के चलते लोग छांव में पहुंचते ही कांपने लग जा रहे थे। लोगों की दिनचर्या जहां बदल चुकी है। अल सुबह उठ जाने वाले लोग जहां काफी देर तक बिस्तर से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं तो उठने के बाद अलाव के सहारे हो जा रहे हैं। उधर ठंड व गलन ने लोगों के काम-काज पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। मजदूरी पेशा लोग काम करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
---------
ठंड लगने से मौत
गोपीगंज (भदोही) : ठंड लगने से नगर के सदर मोहाल निवासी दिलीप गुप्ता (46) की मौत हो गई। वह मंगलवार को दिन में ईट भट्ठा पर गये थे। जहां उन्हें ठंड लग गई। नगर स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान देर शाम हालत बिगड़ जाने पर परिवार के लोग उन्हें वाराणसी स्थित निजी अस्पताल ले गये। जहां देर रात उनकी मौत हो गई। वह व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता बबलू के छोटे भाई थे। उनके निधन पर व्यापार मंडल के रमाकांत गुप्ता, गगन गुप्ता, कृष्ण कुमार खटाई, आनंद गुप्ता, श्रीकांत जायसवाल आदि ने शोक जताया है।