तीन दिन में महज आठ घंटे मिली बिजली आपूर्ति
कार्पेट सिटी फीडर से संबंधित चार मोहल्लों में तीन दिन से हाहाकार मचा है।
तीन दिन में महज आठ घंटे मिली बिजली आपूर्ति
जागरण संवाददाता, भदोही : कारपेट सिटी फीडर से संबंधित चार मोहल्लों में तीन दिन से हाहाकार मचा है। जर्जर तारों को बदलने के लिए गुरुवार को शुरू किया गया काम शनिवार की शाम को पूरा हुआ। इस बीच शनिवार की शाम तक मात्र आठ से घंटे बिजली मिली। भीषण गर्मी व उमस के बीच बिना बिजली के लोग विवश हैं।
छितनी तालाब स्थित 630 व 250 केवी के ट्रांसफॉर्मर से निकलने वाली एबीसी (एयर बंच कंडक्टर) विद्युत लाइन को बदलने का काम गुरुवार को सुबह शुरू किया गया था। इसके लिए विभागीय स्तर से नौ घंटे तक आपूर्ति ठप रहने की पूर्व सूचना दे दी थी। हालांकि उस दिन 12 घंटे के बाद आपूर्ति बहाल हुई थी। अभी लोग राहत की सांस भी नहीं ले पाए थे कि शुक्रवार को सुबह होते ही आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते बाजार सलावत खान (छितनी तालाब) काशीपुर, बाजार व अंबर नीम के आसपास के लोग परेशान रहे। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता मनोज कुमार ने कर्मचारियों के साथ मशक्कत की लेकिन आपूर्ति बहाल करने में नाकाम रहे। शनिवार को दूसरी तरफ के जर्जर तारों को बदलने का काम शुरू किया गया जो देर शाम तक जारी रहा। इस बीच पूरे दिन आपूर्ति ठप रही। आपूर्ति ठप होने के कारण प्रभावित मोहल्लों में जहां पेयजलापूर्ति बाधित रहा वहीं गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो गया था। अवर अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि तारों को बदल दिया गया है। उन्होंने देर शाम तक आपूर्ति बहाल होने का भरोसा दिलाया।