मेन लाइन पर गिरा बांस, आपूर्ति धड़ाम
विद्युत उपकेंद्र गोपीगंज से ज्ञानपुर आ रही मेन लाइन तार पर उमरिया गांव के पास बांस गिर जाने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था धड़ाम हो गई। ज्ञानपुर उपकेंद्र से जुड़े फाडरों पर घंटों आपूर्ति ठप रहने से जलापूर्ति भी नहीं हो सकी।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : विद्युत उपकेंद्र गोपीगंज से ज्ञानपुर आ रही मेन लाइन तार पर उमरिया गांव के पास बांस गिर जाने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था धड़ाम हो गई। ज्ञानपुर उपकेंद्र से जुड़े फीडरों पर घंटों आपूर्ति ठप रहने से जलापूर्ति भी नहीं हो सकी। इससे उपभोक्ताओं में हाहाकार मच गया। कूलर-पंखे न चल पाने के चलते गर्मी तो पेयजलापूर्ति न होने से पानी के लिए तड़प उठे।
सुबह ही बदले मौसम के बीच चली तेज हवा के दौरान उमरिया में मेन लाइन पर बांस गिर पड़े और आपूर्ति ठप हो गई। दोपहर बाद तक इस फाल्ट का पता लगाकर जैसे ही लाइन को ठीक किया गया तब तक ज्ञानपुर नगर में समस्या आ गई। इससे करीब दस घंटे तक नगर व उपकेंद्र से जुड़े अन्य फीडरों पर आपूर्ति ठप पड़ी रही। हालांकि देर शाम करीब पौने सात बजे खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल की गई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। अवर अभियंता माधव प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि मेन लाइन व बाद में टाउन में आई खराबी से समस्या उत्पन्न हुई थी। जिसे दूर कर शाम को आपूर्ति बहाल कर दिया गया है।