भदोही में किशोरी की जान बचाने के लिए एंटी स्नेक वेनम के 10 डोज लगाने पड़े
भदोही में सर्पदंश का शिकार हुई 15 वर्षीय किशोरी खुशी यादव की जान स्वजनों की जागरूकता और चिकित्सकों की तत्परता ...और पढ़ें

भदोही में सर्पदंश से पीड़ित किशोरी की जान बची, एंटी स्नेक वेनम के 10 डोज ने दी नई जिंदगी।
HighLights
15 वर्षीय किशोरी खुशी यादव को जहरीले सांप ने काटा।
स्वजनों की जागरूकता से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
गोपीगंज सीएचसी में 10 एंटी स्नेक वेनम डोज से जान बची।
जागरण संवाददाता, लालानगर (भदोही)। सर्प दंश की शिकार हुई ऊंज थाना क्षेत्र के सुधवैं गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी खुशी यादव की जान स्वजन की जागरूकता व चिकित्सकों की त्वरित सक्रियता से बच गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में लाई गई किशोरी को चिकित्सकों ने एंटी स्नेक वेनम का 10 डोज लगाकर जान बचाई।
सुधवैं गांव निवासी पवन कुमार की पुत्री खुशी यादव सोमवार को सुबह घर के बाहर स्थित मड़हे में कुछ काम कर रही थी। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने काट लिया। जानकारी होने स्वजन बिना समय गंवाए व झाड़ फूंक के चक्कर में पड़ने के बजाय उसे लेकर सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज पहुंचे। जहां अधीक्षक डा.शुभांकर श्रीवास्तव के निर्देशन में चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
किशोरी की स्थिति को देखते हुए उसे थोड़ी थोड़ी देर के अंतराल पर एंटी स्नेक वेनम के 10 इंजेक्शन लगाए गए। अंतत: समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। अधीक्षक ने लोगों से सर्पदंश की स्थिति में झाड़ फूंक का सहारा लेने के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचने का आह्वान किया।
