बेटी की मौत, पिता लगा रहा थाने का चक्कर
ससुराल में हुई पुत्री की मौत के बाद पहले तो मुकदमा दर्ज करने में हीला हवाली, न्यायालय के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज भी हुआ तो अब लग रहा थाने का चक्कर। वर्ष भर से न्याय के लिए चक्कर लगा रहे पिता की गुहार के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : ससुराल में हुई पुत्री की मौत के बाद पहले तो मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली, न्यायालय के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज भी हुआ तो अब लग रहा थाने का चक्कर। वर्ष भर से न्याय के लिए चक्कर लगा रहे पिता की गुहार के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
जानकारी के अनुसार ज्ञानपुर नगर के पुरानी बाजार निवासी अनिल कुमार गुप्ता ने अपनी पुत्री सुजाता की शादी फरवरी वर्ष 2016 में हुसैनपुरा, जैतपुरा वाराणसी निवासी ¨प्रस गुप्त के साथ की थी। कुछ समय बाद से ही पुत्री को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि नौ अगस्त को उसकी पुत्री की हत्या कर दी गई। इसकी जानकारी भी नहीं दी गई। घटना की जानकारी होने पर पहले तो पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली की जाती रही। न्यायालय में धारा 156(3) के तहत आवेदन करने पर न्यायालय के आदेश पर कोतवाली ज्ञानपुर में गत दिसंबर माह में सुजाता के पति सहित सास-ससुर व अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अनिल ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके साथ ही बगैर उनकी तहरीर व जानकारी दिए जाने पर चेतगंज, वाराणसी थाने में भी उसके नाम से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कार्रवाई की गुहार लगाई है।