अरब की खाड़ी में चक्रवात, भदोही में बदलेगा मौसम
जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) अरब की खाड़ी में उठे हुए चक्रवात ताउते के प्रभाव भद
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : अरब की खाड़ी में उठे हुए चक्रवात ताउते के प्रभाव भदोही में भी मौसम बदलेगा। बादलयुक्त मौसम बनने के साथ ही बारिश भी संभावना बन रही है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के पूर्वानुमान के अनुसार खाड़ी में उठे हुए चक्रवात ताउते के प्रभाव से उत्तर मैदानी क्षेत्रों में विकसित ट्रफ के कारण भदोही जनपद में आगामी दिनों में बादल युक्त मौसम देखा जा सकता है।
बताया कि 18 मई से 20 मई के बीच हल्की बारिश का अनुमान है। चक्रवात के कारण हवाओं की दिशा पुरुआ से बदलकर पछुआ में परिवर्तित हो जाएगी। इससे दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि दिन में अच्छी धूप निकलने की भी आसार रहेंगे। आगामी सप्ताह में दिन का तापमान 36 से 39 और रात का तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच देखा जाएगा। 20 मई के बाद से दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी देखी जाएगी। हवा की गति सामान्य से अधिक लगभग 18 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा देखी जा सकती है। बताया कि यह मौसम फसलों के लिए अनुकूल है। इससे फसलों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा। धान की नर्सरी डालने के लिए भी अनुकूल मौसम बनेगा।