गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़, लगी आस्था की डुबकी
कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी अथवा देवोत्थान एकादशी पर्व पर शुक्रवार को गंगा घाटों पर आस्थावानों का सैलाब उमड़ा रहा। इस दौरान स्नान कर श्रद्धालुओं ने दर्शन- पूजन किया। हक
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर/गोपीगंज (भदोही) : कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी अथवा देवोत्थान एकादशी पर्व पर शुक्रवार को गंगा घाटों पर आस्थावानों का सैलाब उमड़ा रहा। इस दौरान स्नान कर श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। आकर्षक ढंग से सजे देवालायों में व्रती कतारबद्ध रहे तो घरों में तुलसी का विधि विधान से पूजन किया गया।
प्रबोधिनी एकादशी स्नान पर्व पर भोर में ही श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए निकल पड़े। महिलाओं की टोली रामपुर, इब्राहिमपुर, सेमराध, बिहरोजपुर गंगा घाटों पर पहुंचकर स्नान कर विधि- पूर्वक पूजन अर्चन किया। जिन घरों में दीपावली के दिन गणेश पूजन नहीं हुआ था, उन घरों में गणेश- लक्ष्मी पूजन किया गया। देवालयों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कहीं पर हरि कीर्तन तो कहीं पर मानस पाठ का आयोजन किया गया। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। लोगों ने घरों पर सुबह रंगोली बनाई शाम को आकर्षक ढंग से सजावट की। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु को गन्ना अथवा नया गुड़ चढ़ाने से वह प्रसन्न होते हैं। ग्रामीण अंचलों में गन्ना के खेतों में पूजन किया गया। हालांकि गंगा घाटों पर अव्यवस्था का बोलबाला रहा। साफ- सफाई न होने से श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ी।
--------
आंवला वृक्ष तले बने लाजवाब व्यंजन
- प्रबोधिनी एकादशी के मौके पर शुक्रवार को आंवला वृक्ष के नीचे लाजवाब व्यंजन तैयार किए गए। जगह-जगह स्थित आंवला के पेड़ के नीचे कई-कई परिवार एक साथ भोजन तैयार करते व ग्रहण करते देखे गए। इसके साथ ही जगह-जगह तुलसी पूजन भी किया गया। इसके पश्चात भोग लगाया गया।