अपराध बढ़ा पर नहीं बढ़ीं महिला सुरक्षा कर्मचारी
जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) महिला अपराध में लगातार वृद्धि हो रही है लेकिन थानों में
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : महिला अपराध में लगातार वृद्धि हो रही है लेकिन थानों में महिला सुरक्षा कर्मियों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है। आलम यह है कि थाना और कोतवाली में महज कागजी कोरम पूरा करने के लिए महिला सिपाही की तैनाती की गई है। जनपद में सिर्फ दो महिला दारोगा के भरोसे नौ लाख महिलाओं की सुरक्षा की कमान है। बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर स्कूलों और महाविद्यालयों में एंटी रोमियो दल और 1090 को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
महिलाओं के प्रति अपराध के मामलों को गंभीरता से लेते हुए पीआरवी टीम में भी महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती करने की व्यवस्था भले की गई हो लेकिन थानों की स्थिति इतने जल्दी सुधरने वाली नहीं है। नौ लाख महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिले में अभी तक महज दो दारोगा ही तैनात हो सकी हैं। वर्तमान समय में उसमें भी एक अवकाश पर चल रही हैं। महिला थाना सहित नौ थानों में 137 महिला सिपाही तैनात की गई हैं। नियमानुसार किसी भी महिला पीड़ित का बयान महिला सिपाही ही ले सकती हैं। इसलिए महिला पुलिस की तैनाती कर महज कानूनी खानापूर्ति की गई है।
महिला सुरक्षा को लेकर किया जा रहा जागरूक
एसपी रामबदन सिंह का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के लेकर एंटी रोमियो दल का गठन किया गया है। स्कूल और महाविद्यालयों में बालिकाओं को जागरूक करने के लिए चौपाल लगाए जाते हैं। इसके साथ ही 1090 की जानकारी भी दी जा रही है। बताया कि जिले में दो महिला दारोगा हैं। इसमें एक अवकाश पर है दूसरी महिला थाने की प्रभारी हैं। इसके लिए शासन से भी अवगत कराया जा चुका है।